
कालपी –उरई । बहुप्रतीक्षित हाइवे बाईपास चौड़ीकरण फोरलेन परियोजना के काम ने तेजी पकड़ ली है। कार्यदायी संस्था के द्वारा समीपवर्ती जोल्हूपुर मे निर्माण कार्यों के लिये हैवी मशीनों को स्थापित करके प्लांट की कार्यशाला का निर्माण करा दिया गया है। जिम्मेदार अफसरों ने दावा किया है कि ओवरब्रिज तथा सर्विस लेन का निर्माण कार्य निर्धारित अवधि मे पूरा हो जायेगा।
प्राप्त खबर के मुताबिक परियोजना कालपी बाईपास हाइवे में 800 मीटर लम्बाई का ओवरब्रिज तथा ओवरब्रिज के दोनों ओर यमुना नदी के पुल से लेकर पूर्व विधायक छोटे सिंह के घर तक पौने दो किमी. सर्विस लेन रोड का निर्माण परियोजना के तहत होना है। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की ठेकेदार कम्पनी नागर्जुन कंस्ट्रक्शन लिमिटेड हैदराबाद तथा सहयोगी मित्तल ब्रदर्स कंस्ट्रक्शन कम्पनी लिमिटेड लखनऊ के इंजीनियरों के द्वारा पांच स्थानो मे पुलियों का निर्माण तथा सर्विस रोड के लिये सडक के दोनों ओर मिट्टी भराई का काम चल रहा है।
बहुप्रतीक्षित फोर लेन परियोजना को पूरा करने के लिए ठेकेदार कंपनी की आधुनिक मशीनें समीप के जोल्हूपुर स्थित बद्री प्रसाद के फार्म खेत में स्थापित करा दी गई हैं। प्लांट में हैवी क्षमता का जनरेटर, हैवी क्षमता के कंक्रीट मशीन, मिक्सर प्लांट, पंचिंग प्लांट, पोकलैंड, जेसीबी आदि मशीनों को कार्यशाला में स्थापित कराया गया है। इससे प्रतीत होता है कि अब काम निर्धारित अवध के अंदर पूरा हो जाएगा।
सर्विस लेन सड़क निर्माण मे आई तेजी
परियोजना के जनसम्पर्क अधिकारी डी.एन त्रिपाठी की देखरेख में फोरलेन हाइवे में दुर्गा मंदिर चौराहे से पूर्व विधायक छोटे सिंह के घर तक दोनों साइडो में कई स्थानो मे मिट्टी की भराई का काम हो चुका हैं।जनसम्पर्क अधिकारी ने बताया कि जहां मिट्टी की भराई का काम पूरा हो चुका है।उन स्थानों मे गिट्टी के लेपन का कार्य शुरू कराया जा चुका है।ऊपर से चार लेपन का काम गुणवत्ता पूर्वक किया जायेगा।पांच जगह हाइवे मे पुलियों का निर्माण युद्ध स्तर पर शुरू कराया गया है।






Leave a comment