कोंच-उरई । साप्ताहिक बंदी के दिन बुधवार को बाजार की खुली दुकानें बंद कराने निकली श्रम विभाग की टीम के साथ उस वक्त कहासुनी हो गई जब अधिकारियों ने एक मोबाइल रिचार्ज की दुकान को बंद कराने का प्रयास किया। इस कहासुनी के चलते सड़क पर भीड़ जमा हो गई और जाम लग गया। बाद में किसी तरह मामला रफा दफा हुआ।

बुधवार को कोंच में साप्ताहिक बंदी का दिन होने के नाते स्थानीय प्रशासन की नजर इस बात पर है कि दुकानदार दुकानें न खोलें। इसके लिए श्रम विभाग द्वारा हर बुधवार को बाजारों का निरीक्षण भी किया जाता है। आज भी श्रम प्रवर्तन अधिकारी आरके चतुर्वेदी और उनके लिपिक आरसी द्विवेदी बाजारों का भ्रमण कर खुली दुकानें बंद करा रहे थे। जब यह टीम मेन रोड पर उन्नति दिव्यांग जन कल्याण समिति के अध्यक्ष नरेन्द्र अग्रवाल गुल्लू की दुकान पर पहुंचे और उन्होंने दुकान बंद करने के लिए कहा। इस पर गुल्लू ने कहा कि वह छोटा दुकानदार है और मोबाइल रिचार्ज का काम करता है, दुकान बंद होने से उन लोगों को दिक्क्त होगी जिन्हें मोबाइल रिचार्ज कराना है। अधिकारी दुकान बंद कराने पर अड़े रहे। इस तरह उनके बीच काफी कहासुनी हो गई और सड़क पर भीड़ लग जाने से जाम लग गया। हालांकि बाद में मामला सुलट गया। एसडीएम गुलाबसिंह ने जब दुकानदार को समझाया कि नियम सभी के लिए लागू है तो दुकानदार के समझ में बात आ गई और उसने अपनी दुकान बंद कर ली।

 

Leave a comment