कालपी-उरई ।  स्थानीय  रेलवे स्टेशन के बाहर मंगलवार की शाम   दुस्साहसिक घटनाक्रम में  नशे में धुत्त दो युवकों ने बाइक से जा रहे पूर्व नगर पालिकाध्यक्ष और वरिष्ठ भाजपा नेता के भतीजे पर कातिलाना हमला बोल दिया । इस दुस्साहसिक घटना में गंभीर रूप से घायल दोनों युवकों को हालत चिंताजनक होने की वजह से उच्च स्तरीय अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया है । आरोपितों युवकों के ख़िलाफ़ रंगदारी के लिए घातक हमला कर घायल युवकों को लूट लेने का नामजद मुक़दमा दर्ज किया गया है । वहीं पूरी घटना एक दुकान के सी.सी टी.वी कैमरे में कैद हो गयी है । मौके पर कालपी कोतवाल सुधाकर मिश्रा ने घटनास्थल पर पहुँच कर सी.सी टी.वी का फुटेज भी चैक किया।

नगर पालिका कालपी के पूर्व अध्यक्ष के पति एवं भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष नवीन गुप्ता निवासी मोहल्ला रावगंज ने घटना को ले कर कोतवाली में अभियोग दर्ज कराया है कि वादी का भतीजा सुयश पुत्र पवन गुप्ता निवासी मोहल्ला रावगंज एवं उसका मित्र अमन पुत्र अमित पुरवार समीप के जहीर मंसूरी की दुकान में सामान खरीद रहे थे। तभी आरोपियों अनमोल पुत्र स्व. अनिल सिंह एवं ऋषभ शाम 6 बजे आ गये तथा धमकाते हुये दस हजार रुपये मांगने लगे । रंगदारी न देने पर आरोपियों ने कुल्हाड़ी तथा लाठियों से हमला करके दोनों को  गंभीर रूप से घायल कर दिया तथा उनके मोबाइल छीन कर ले गये।

कोतवाली में दोनों के खिलाफ धारा 386/394 आई.पी.सी के तहत मामला दर्ज करके दरोगा विजय कुमार द्विवेदी को विवेचना सौंपी गई है। इस घटना में घायल दोनों युवकों को पहले स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लाया गया जहाँ से उनको रिफर कर दिया गया । कोतवाल सुधाकर मिश्रा तथा विवेचक विजय कुमार द्विवेदी ने आरोपियों को पकड़ने के लिए दबिश दी है। लेकिन आरोपी मौके पर नही मिले। मामला भाजपा नेता से जुड़े होने के कारण पुलिस में हड़कंप मचा है । लेकिन अब बड़ा सवाल ये उठता है कि क्या कालपी कोतवाली की पुलिस इस सनसनीखेज वारदात में अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कर पाएगी या फिर ऐसे दबंग अपराधियो के सामने खाकी हमेशा की तरह नतमस्तक हो जायेगी और अपराधियो के हौसले बुलंद होते रहेंगे। देखा जाए तो कालपी कोतवाली में ज्यादातर मामलों में कार्यवाही के नाम पर खानापूर्ति ही की जाती है वहीं हल्की धाराओं में मुकदमा लिख मामले की लीपापोती करने में भी पुलिस द्वारा कोई कसर नही छोड़ी जाती है।

Leave a comment