
कालपी-उरई ।सरकारी ट्यूबवैल की मोटर फुकने तथा लाइनों की लीकेज के कारण नगर की पेयजल आपूर्ति कई मोहल्लों में ठप्प हो गई है। जल संस्थान के अवर अभियंता ने बताया कि बजट के अभाव में मात्र एक ठेकेदार से काम चलाया जा रहा है।
विदित हो कि जल-कल इकाई के परिसर में स्थित नलकूप नंबर दो की मोटर बीते सप्ताह फुंक गयी थी । मोटर को निकालकर उरई के विभाग भंडारण में पहुंचाया गया। दूसरी मोटर जब डाली गयी तो वह भी खराब निकली । तीसरी मोटर की आस लगाये मिस्त्री तथा कर्मचारी बैठे हुए हैं। नलकूप न चलने से दमदमा, इंद्रानगर सहित कई मोहल्लों की आपूर्ति ठप पड़ी है। वहीं जगह-जगह मेन लाइन ध्वस्त पड़ी हुई है। क्षेत्रीय सभासद आबिद खान ने बताया कि हमारे वार्ड में पाइप लाइन फट जाने से पूरे मोहल्ले की सप्लाई नहीं आ रही है।
इधर ठेकेदारों, प्राइवेट पंप ऑपरेटरों का भुगतान लंबे समय से न होने की वजह से पंप ऑपरेटर भी सक्रिय से जिम्मेदारी नहीं निभा रहे हैं। जिससे जब मर्जी आई तब पंप चलाया जब मर्जी हुई बंद कर दिया। बिगड़ी पेयजल आपूर्ति के मामले को स्वीकार करते हुय विभाग के अवर अभियंता सभापति यादव ने बताया कि ज्यादातर ठेकेदारों मे काम के लिए हाथ खड़े कर दिए हैं। एक ठेकेदार के भरोसे काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि समस्या के समाधान के लिए विभाग के जिम्मेदार पूरी शिद्दत से जुटे हुये है।






Leave a comment