झाँसी। शादी करने का झाँसा देकर बीटीसी छात्रा के साथ रेप करने का मामला प्रकाश में आया है। इस मामले में एसएसपी के आदेश पर नवाबाद थाने की पुलिस ने चित्रकूट में तैनात एसडीएम के खिलाफ बलात्कार कर जान से मारने की धमकी व अश्लील मैसेज भेजने का मुकदमा दर्ज कर लिया। साथ ही बीटीसी छात्रा का डॉक्टरी परीक्षण भी कराया गया। इस मामले को प्रशासन के अफसरों के संज्ञान में लाया गया।
उरई के पटेल नगर क्षेत्र में रहने वाली एक युवती ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देते हुए बताया कि वह नवाबाद थाना क्षेत्र के कोछांभावर स्थित मार्डन विद्यालय में बीटीसी की छात्रा है। उसके पड़ोस में आगरा के पुष्पांजलि के पास रहने वाला सौजन्य कुमार उरई में एसडीएम के पद पर कार्यरत थे। इसी दौरान उसकी दोस्ती सौजन्य कुमार से हो गई थी। उसके घर पर एसडीएम का आना जाना शुरु हो गया था। साथ ही शादी करने का झाँसा देकर शारीरिक संबंध भी बना लिए थे। एसडीएम उसके मोबाइल फोन पर अश्लील मैसेज भेजता था। वर्ष 2018 में सौजन्य कुमार का तबादला चित्रकूट हो गया है। शिकायती पत्र में बताया कि एक होटल में जन्म दिन मनाया जा रहा था,तभी एसडीएम के मोबाइल फोन पर एक युवती का फोन आया। फोन पर उसने एसडीएम की पत्नी बताया और कहा कि सौजन्य कुमार के दो बच्चे हैं। इसी बात को लेकर हॉक-टॉक हुई। इस पर उसने कहा कि उससे कहा था कि वह शादी शुदा नहीं है तो दो बच्चे कहां से है। बाद में एसडीएम ने शादी करने को मना कर दिया। आरोप है कि एसडीएम पद पर तैनात सौजन्य कुमार ने शादी करने का झाँसा देकर उसके साथ रेप किया है। विरोध करने पर उसे जान से मारने की धमकी दी। शिकायती पत्र पर एसएसपी ने नवाबाद प्रभारी निरीक्षक को मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया। इस आदेश के तहत नवाबाद पुलिस ने एसडीएम चित्रकूट सौजन्य कुमार विश्वास के खिलाफ दफा 376, 506,504, 67 आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया। उधर पुलिस ने बीटीसी छात्रा का जिला अस्पताल में डॉक्टरी परीक्षण भी कराया है।






Leave a comment