
कालपी+उरई । बुधवार की भोर में पागल सियार कालपी के रिहायशी क्षेत्र में धावा बोलकर दर्जनभर लोगों को काट कर लहूलुहान कर डाला। पीड़ित नागरिकों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती करके इलाज किया गया। इस घटना से इलाके में भय का वातावरण कायम हो गया।
नगर के बाहरी इलाके के मोहल्ला तरीबुल्दा में सुबह करीब 6 बजे पागल सियार घुस गया। मोहल्ला निवासी चंदी पत्नी कल्लू अपने घर के बाहर झाड़ू लगा रही थी। सियार ने हाथ में काटकर चंदी को घायल कर दिया। इसी प्रकार राज सिंह उम्र 38 वर्ष, वीर सिंह पुत्र गया प्रसाद उम्र 53 वर्ष, सोमवती पत्नी सुखलाल, गेंदारानी पत्नी राम गोपाल, उर्मिला पत्नी राम मिलन को घूम-घूम कर पागल सियार ने काटकर बुरी तरह जख्मी कर दिया। देखते-देखते मोहल्ले के दर्जनभर से अधिक लोग सियार के शिकार बन गये तथा मोहल्ले वासियों के काटने की घटना से चीख-पुकार मच गई। तमाम युवक लाठी-डंडे, कुल्हाड़ी लेकर निकल आये तथा घेराबंदी करके सियार को मार डाला। सभी घायलों को चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। चिकित्साधीक्षक की देखरेख में सभी को एंटी रेविज का इंजेक्शन लगाकर पट्टी की गई।
कुत्तों को भी बनाया निशाना
बुधवार को पागल सियार तरीबल्ला क्षेत्र में बने तहसील परिसर में पहुंच गया। सन्नाटे के आलम में सियार ने अफसरों के कुत्ते को निशाना बनाकर काट कर उन्हें जख्मी कर दिया। इससे पहले शराफत खान मुहल्ला कागजीपुरा में बीते माह सियार ने घुसकर कई लोगों काट लिया था।






Leave a comment