
माधौगढ़ –उरई । हैदलपुरा माइनर पर देर रात बम्बा में जलस्तर बढ़ जाने से सैकड़ो बीघा जमीन में पानी भर गया । आवारा गायों से परेशान किसान पर बिन बुलाए एक और आफत टूट पड़ी। वैसे सिंचाई विभाग की यह कोई पहली बार लापरवाही सामने नहीं आई है । पूर्व में भी कई बार यहां सैकड़ों बीघा जमीन जलमग्न हो चुकी है । इससे पूर्व तो स्थिति यहां तक हो गई थी की बंबा का पानी नगर की बस्तियों तक पहुंच गया था परंतु उसके बाद भी जिम्मेदार किसानों की इस परेशानी को नजरअंदाज करने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं । बताते चलें कि माधौगढ़ मुख्य मार्ग पर पानी की क्रॉसिंग ठीक न होने से हमेशा ऐसी घटना होती रहती है । कई बार जिलाधिकारी को किसानों द्वारा ज्ञापन भी दिया जा चुका है परंतु बदले में सिर्फ तसल्ली ही दी जाती है । कई वर्ष बीत जाने बीत जाने के बावजूद कोई ठोस कदम न उठाना किसानों को मायूस ही करता रहा है । इस बार भी जिलाधिकारी के तहसील दिवस में इसे मुख्य शिकायत के रूप में बताया गया था परंतु सिंचाई विभाग ने यह कहते हुए पल्ला झाड़ लिया कि सड़क निर्माण में पुलिया न बनाने से जल निकासी की समस्या हो रही है जिसके लिए विभाग द्वारा जल्द कोई समाधान निकाल लिया जाएगा परंतु सालों से किसानों की सुध लेने वाला कोई नहीं है । ऐसे में किसान सरकार को कोसने के अलावा और कर भी क्या सकते हैं ।






Leave a comment