
कालपी-उरई । मकर संक्रांति के पर्व पर मंगलवार को पवित्र यमुना नदी में हजारों श्रद्धालुओं ने डुबकी लगाकर दान-पुण्य किया । इस दौरानमंदिरों में पूजा-अर्चना के लिए भारी भीड़ उमड़ी ।
सुबह होते ही कालपी एवं आसपास के ग्रामीण अंचलों के हजारों भक्त, महिलाये, बच्चे यमुना नदी के पावन तट किला घाट, राजघाट, व्यास घाट, ढ़ोडेश्वर घाट, पीला घाट आदि स्थानों पर पहुंचे तथा श्रद्धा पूर्वक स्नान किया। धार्मिक परंपराओं के मुताबिक व्यास गंगा का संगम कालपी की यमुना में होता है । इसी वजह से लोंग संगम इसे भी पवित्र संगम की मान्यता देते हैं । विदित हो कि यमुना नदी के तट पर बांके बिहारी धाम, बाबा पातालेश्वर मंदिर, व्यास मंदिर, ढ़ोडेश्वर मंदिर आदि प्रसिद्ध और सिद्ध मंदिर हैं । श्रद्धालुओं ने मंदिरों में पहुंचकर पूजा-अर्चना की तथा दान-पुण्य किया। घाटों पर विभिन्न सामाजिक संगठनों के द्वारा सामूहिक खिचड़ी भोज का आयोजन परंपरागत तरीके से किया गया।
विधायक नरेंद्र सिंह जादौन, उप जिलाधिकारी सुनील कुमार शुक्ला, कोतवाल सुधाकर मिश्रा, पालिकाध्यक्ष प्रतिनिधि जगजीवन अहिरवार, नगर पालिका अधिशाषी अधिकारी सुशील कुमार दोहरे ने घूम-घूम कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। नगर पालिका एवं प्रशासन की ओर से घाटों में अलाव की व्यवस्था की गई। इसके अलावा अप्रिय घटना से निपटने के लिए नदी में सुरक्षा बलों के साथ तैराक भी मौजूद रहे।






Leave a comment