कोंच-उरई । कांशीराम कॉलोनी निवासी एक किशोर गिरवरनगर स्थित अपने पुराने घर में मुर्गियों को दाना चुगा रहा था तभी मोहल्ले के तीन लोग घर के अंदर घुस आए और उसकी मारपीट करने लगे। किशोर भी जब हाथापाई पर उतरा तो हमलावरों में से किसी ने उस पर चाकू से हमला बोल दिया जिससे किशोर घायल हो गया। शोरशराबा सुन कर जब तक पड़ोस के लोग आते तब तक हमलावर भाग निकले।

जानकारी के मुताबिक फैजान (16) पुत्र चांदबाबू कांशीराम कॉलोनी में रहता है। उसका पुराना घर कस्बे के गिरवरनगर इलाके में है। शनिवार की देर शाम वह गिरवरनगर गया था। उसे किसी से तगादा भी लेना था सो वह उसके घर गया लेकिन वह नहीं मिला। इसके बाद फैजान अपने पुराने घर में चला गया। वहां उसकी मुर्गियां पलीं हैं। फैजान मुर्गियों को दाना चुगाने लगा। इसी बीच वहां मुबीन पुत्र पप्पू, हाशिम पुत्र इकबाल तथा नजीम पुत्र पप्पू उसके घर में घुस असए और एक राय होकर उसकी पिटाई करने लगे। बचाव में फैजान भी हाथ पैर चलाने लगा तो हमलावरों में से किसी ने चाकू निकाल कर उस पर हमला बोल दिया जिसमें फैजान घायल हो गया। पुलिस ने फैजान का चिकित्सीय परीक्षण करा कर हमलावरों के खिलाफ आईपीसी की धारा 323, 504, 506, 308, 452 में एफआईआर दर्ज कर हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है।

 

Leave a comment