
कोंच-उरई। रविवार को कस्बा नदीगांव में सीओ शीशराम सिंह की अगुवाई में पुलिस बल ने गलियों और बाजारों में फ्लैग मार्च किया। मार्च के दौरान पुलिस ने कस्बाई नागरिकों से बातचीत कर उनकी दिक्क्तों के बाबत जानने का भी प्रयास किया। सीओ ने बताया कि मार्च का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को सुरक्षा का अहसास करना है ताकि वे आगामी लोकसभा चुनाव में बिना किसी भय या दबाव के अपना वोट अपनी मर्जी से डाल सकें।
आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर इलाके की भौगोलिक स्थिति जानने तथा लोगों को सुरक्षा का अहसास कराने को लेकर रविवार को सीओ शीशराम सिंह के नेतृत्व में थाना पुलिस के जवानों ने नदीगांव कस्बे में फ्लैग मार्च किया। उन्होंने बाजार के अलावा रिहायशी इलाकों में भी फ्लैग मार्च किया, जगह जगह रुक कर उन्होंने नागरिकों से बातचीत भी की और यह जानने का प्रयास किया कि कोई दबंग या अराजक तत्व उन्हें किसी प्रकार से धमका तो नहीं रहा है या फिर उन्हें यह भय तो नहीं है कि वे मतदान के दिन अपना वोट अपनी मर्जी से डाल भी पाएंगे या नहीं। नागरिकों की तरफ से हालांकि इस तरह की कोई बात निकल कर नहीं आई। सीओ ने कहा भी है कि आम जनता को सुरक्षा के प्रति आश्वस्त करना और यह जताना कि प्रशासन उनके साथ खड़ा है, वे बिना किसी भय या दबाव के अपना वोट डालने पोलिंग बूथों तक जाएं। इस दौरान एसएचओ अशोककुमार वर्मा के अलावा सभी थानेदार और सिपाही मौजूद रहे।







Leave a comment