
जालौन। बीमारी से तंग आकर वृद्ध ने कुंए में छलांग लगाकर खुदकुशी कर ली। घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने मोहल्ले के लोगों के सहयोग से वृद्ध के शव को कुंए से बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला खंडेराव निवासी रामदास (82 वर्ष) पुत्र नाथूराम उम्र ज्यादा होने के कारण बीमार रहते थे। बीमारी के चलते वह घर में ही पड़े रहते थे जिसके चलते वह मानसिक रूप से परेशान भी रहते थे। बुधवार की दोपहर करीब दो बजे वह घर से निकल गए और उन्होंने पड़ोस में ही स्थित कुंए में छलांग लगा दी। कुंए में किसी के गिरने की आवाज सुनते ही आसपास मोहल्ले के लोग एकत्रित हो गए और घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही कोतवाल सुनील सिंह व एसआई देशराज मौके पर पहुंच गए जहां उन्होंने मोहल्ले के लोगों के सहयोग से वृद्ध को कुंए से बाहर निकालवाया लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मृतक के पुत्र रामसेवक ने बताया कि वह कम चल फिर पाते थे जिससे उन्हें जिंदगी भार लगने लगी थी जिसके चलते उन्होंने कुंए में कूदकर अपनी जान दे दी।





Leave a comment