सात वाहनों का चालान,तीन दोपहिया वाहन समेत गुटखा से भरी स्कार्पियो सीज
कालपी। लाकडाउन के आठवें दिन कालपी तहसील प्रशासन द्वारा वाहन चेकिंग के दौरान प्रतिबंधित गुटखा पकडे़ जाने पर उपजिलाधिकारी व पुलिस उपाधीक्षक, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक, खाद्य निरीक्षक, अधिशाषी अधिकारी नगर पालिका व आरआई नगर पालिका की मौजूदगी में गुटखा विक्रेता का मकान सील किया गया। प्रशासन की गुटखा कारोबारियों के खिलाफ की गई दूसरी कार्रवाई से हडक़ंप मचा है।
मालूम हो कि लाक डाउन की घोषणा होते ही अग्रिम आदेशों तक सरकार द्वारा गुटखा बेचने पर प्रतिबंध लगाने के आदेश किए जाने के बाद भी गुटखा विक्रेता गुटखा बेचना बंद नहीं कर रहे हैं। प्रशासन अब गुटखा बेचने वालों के खिलाफ सख्त होता नजर आ रहा है। बुधवार को सुबह टरननगंज चौराहे पर उपजिलाधिकारी कौशल कुमार व पुलिस उपाधीक्षक राहुल पांडेय तथा कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मानिक चंद पटेल तथा उपनिरीक्षक कमल प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक रामविनोद सहित बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स की मौजूदगी में वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान वाहन चेकिंग में सात चालान और तीन दोपहिया वाहनों को तत्काल प्रभाव से सीज कर दिया गया। चेकिंग के दौरान एयर फोर्स लिखी स्कार्पियो गाड़ी से गुटखा भी बरामद हुआ जिस पर पुलिस ने पकडे़ गए युवक इस्माइल पुत्र जुम्मन निवासी हरीगंज कालपी से गहन पूछताछ के बाद रामचबूतरा थोक सब्जी के समीप स्थित एक मदरसे के बगल में बने मकान जहां से इस्माइल गुटखा खरीदकर बेचने के लिए ले गया था। पूरे सरकारी अमले ने मोहल्ले में स्थित मकान में अवैध रूप से बेच रहे गुटखा व्यापारी मोहम्मद असगर पुत्र मोहम्मद रफीक के मकान पर रखा गुटखा व पान मसाला रंगेहाथों पकडक़र जब्त करके मकान को उपजिलाधिकारी कौशल कुमार, पुलिस उपाधीक्षक राहुल पांडेय, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मानिक चंद पटेल, खाद्य निरीक्षक दिनेश कुमार, अधिशाषी अधिकारी सुशील कुमार दोहरे व आरआई रामभवन की मौजूदगी में सीज कर दिया गया। प्रशासन ने जिस प्रकार से गुटका माफियाओं के खिलाफ शिकंजा कसा है। उससे कालाबाजारी करने वालों में हडक़ंप है।

Leave a comment