कालपी। जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने सरकारी अमले के साथ आधा दर्जन ग्रामों का भ्रमण कर क्वारंटीन सेंटरों का निरीक्षण तथा लाक डाउन का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई करने के संकेत दिए। इस दौरान अधिकारियों ने छौंक की गौशाला का निरीक्षण किया तथा गाय को गुड़ आदि खिलाकर गौशाला की व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
कोरोना वायरस की रोकथाम के लिए बाहर से आए लोगों के लिए कालपी तहसील क्षेत्र में प्रशासन द्वारा बनाए गए करीब दो दर्जन क्वारंटीन सेंटर करीब पौने तीन सौ लोगों को चौदह दिन के लिए क्वारंटीन किया गया है। वास्तविक हकीकत को परखने के लिए सोमवार की दोपहर जिलाधिकारी डा. मन्नान अख्तर व पुलिस अधीक्षक डा. सतीश कुमार ने उपजिलाधिकारी कौशल कुमार व पुलिस उपाधीक्षक राहुल पांडेय के साथ कालपी तहसील के छौंक, धमना, बरखेरा, बबीना, कदौरा, उदनपुर आदि क्वारंटीन सेंटरों में पहुंचकर निरीक्षण किया तथा सेंटरों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा लाक डाउन का उल्लंघन कर रहे लोगों को कार्रवाई करने की चेतवानी देते हुए सामाजिक दूरी व शासन के आदेशों का पालन करने की जनता से अपील की। इस दौरान जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने छौंक गौशाला का निरीक्षण किया तथा पुलिस अधीक्षक द्वारा गौवंशों को गुड़ आदि खिलाया गया तथा गौशाला की व्यवस्थाओं की हकीकत परखी।
एसडीएम और सीओ ने किया आइसोलेशन केंद्र का निरीक्षण
मुहम्मदाबाद। सोमवार की सुबह उपजिलाधिकारी और क्षेत्राधिकारी संतोष कुमार ने डकोर क्षेत्र के गांवों में बनाए गए आईसोलेशन वार्डों का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यस्थाओं का जायजा लिया। इस मौके पर उन्होंने मुहम्मदाबाद, कुसमिलिया, डकोर, कहटा, कमठा, जैसारी, चिल्ली आदि गांवों में आईसोलेशन वार्डों का हाल देख। उन्होंने केंद्र की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संतोष जताया। उन्होंने सभी मौजूद चिकित्सकों से सतर्कता बरतते हुए अपने कार्य के निर्वहन की बात कही। निरीक्षण के दौरान उन्होंने आइसोलेट किए गए लोगों से बात की। उन्होंने बताया कि उनके ही एहतियात के लिए उन्हें सुरक्षित रखा गया है अगर फिर भी कोई अनावश्यक आईसोलेशन वार्ड के बाहर जाता हुआ पाया जाता है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी इसलिए चौदह दिन तक सुरक्षित रहें। उन्होंने लोगों से खानपान के लिए पूछा। साथ ही ग्राम पंचायत को निर्देश दिए कि वह आइसोलेट किए लोगों के भोजन की व्यवस्था करें और उनका पूरा ख्याल रखें।
क्वारंटीन सेंटरों में ठहरे लोगों का जाना हालचाल
कदौरा। कदौरा क्षेत्र में नगर व ग्राम पंचायतों में बने क्वारंटीन सेंटरों का डीएम व एसपी द्वारा सोमवार को निरीक्षण किया गया जिसमें ग्राम पंचायत बबीना में पहुंचे अमले द्वारा प्राइमरी विद्यालय के अलग अलग कक्ष में ठहरे दो दर्जन से अधिक सदस्यों से जिलाधिकारी डा. मन्नान अख्तर द्वारा हालचाल पूछा गया एवं कुछ युवकों से उनकी शिक्षा के बारे में पूछते हुए ओलम सुनाने को कहा गया एवं ओलम सुनी गई एवं अन्य मजदूरों को कप्तान सतीश कुमार द्वारा सेनेटाइज करवाया गया। वहीं ग्राम प्रधान गौरव उपाध्याय को भी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए। हालांकि ग्राम प्रधान ने बताया कि वह अपने निजी खर्चे पर वार्ड के सभी लोगों को भोजन पानी की व्यवस्था करा रहे हैं जिस पर जिलाधिकारी ने उनकी पीठ थपथपाई। इसके बाद प्रसाशनिक अमले द्वारा नगर स्व. गफूर खां महाविद्यालय में ठहरे आधा दर्जन से अधिक लोगों से भी अधिकारियों द्वारा व्यवस्थाओं के बारे में पूछा गया जहां कदौरा निवासी प्रिंस, प्रवेश, प्रदीप आदि लोगों ने अपने अपने स्वास्थ्य व अन्य आपत्तियों को लेकर अवगत कराया। वहीं इसके बाद क्षेत्र ग्राम पंचायत उदनपुर में भी डीएम द्वारा ठहरे लोगों से हालचाल पूछते हुए सावधानी बरतने के लिए कहा गया। वहीं मौके पर जिलाधिकारी डा. मन्नान अख्तर के समक्ष एसडीम कौशल कुमार, ईओ सुनील कुमार, सीओ राहुल पांडेय, निरीक्षक जितेंद्र सिंह, एडीओ मनोज कुमार, उपनिरीक्षक आलोक पाल, सत्यदेव त्रिपाठी, संजय पाल, रामनरेश, बाबूलाल सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।
एसडीएम ने किया निरीक्षण
जालौन। कोरोना से बचाव के लिए बाहर से आए लोगों को ग्रामीण क्षेत्र में परिषदीय विद्यालयों एवं नगर क्षेत्र में स्वामी विवेकानंद इंटर कालेज में चौदह दिनों के लिए क्वारंटीन रखा गया है। क्वारंटीन किए गए सभी लोगों की सूची प्रशासन के पास उपलब्ध है। क्वारंटीन किए गए लोगों में कोई क्वारंटीन सेंटर छोडक़र तो नहीं भाग गया इसके लिए एसडीएम व कोतवाली पुलिस ने नगर व ग्रामीण क्षेत्र में बनाए गए  क्वारंटीन सेंटरों का निरीक्षण कर लोगों की गिनती की जिसमें सभी स्थानों पर पूरे लोग मौजूद मिले।

Leave a comment