जालौन। राशन वितरण में की जा रही अनियमितताओं की शिकायत पर जांच के बाद पूर्ति निरीक्षक ने कुठौंद ब्लाक के दौनापुर गांव के कोटेदार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई।
कुठौंद ब्लाक के गांव दौनापुर में गायत्री देवी पत्नी गंभीर सिंह उचित दर विक्रेता है। उचित दर विक्रेता द्वारा गांव के कार्डधारकों को नियमित खाद्यान्न नहीं दिया जा रहा था। साथ ही निर्धारित दाम से अधिक धनराशि कार्डधारकों से वसूली जा रही थी जिसकी शिकायत कार्डधारक कृपाल सिंह यादव, महेश सिंह, श्यामसुंदर, डालचंद्र, हरपाल आदि ने जिलाधिकारी हेल्पलाइन पर की थी। ग्रामीणों ने बताया था कि कोटेदार पति गंभीर सिंह ईपाश मशीन में अंगूठा लगवा लेता है लेकिन राशन सामग्री नहीं देता है। कुछ लोगों को पांच छह महीने में कभीकभार ही राशन सामग्री देता है और ज्यादा रुपए भी लेता है जिसकी जांच जिलाधिकारी ने पूर्ति निरीक्षक मनोज तिवारी को सौंपी थी। पूर्ति निरीक्षक द्वारा की गई जांच में मामला सही पाया गया जिसके बाद पूर्ति निरीक्षक ने कोटेदार के विरुद्ध कुठौंद थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है।







Leave a comment