रामपुरा। कोरोना जैसी वैश्विक महामारी से बचाव के लिए घरों में छिपकर बैठकर लाक डाउन का पालन करना ही एकमात्र उपाय है। इसके लिए मंदिर और मस्जिदों से भी एलान किया जाए। यह बात माधौगढ़ उपजिलाधिकारी शालिगराम ने कही।
आज थाना रामपुरा में क्षेत्रीय मंदिरों के महंत पुजारी व मस्जिदों के इमाम तथा क्षेत्रीय जागरूक लोगों की अति महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई जिसमें परगनाधिकारी माधौगढ़ शालिगराम ने कोरोना का संक्रमण न फैलने देने के उपायों पर चर्चा करते हुए बताया कि लाक डाउन का पालन सख्ती से करें। उन्होंने कहा कि सोशल डिस्टेंस बनाए रखना भी बहुत आवश्यक है। हमें इस संक्रमण से बचने के लिए शासन द्वारा सुझाए गए सभी जरूरी उपायों को अमल में लाना है। इसके लिए मंदिरों एवं मस्जिदों के लाउडस्पीकर से एलान हो।  क्षेत्राधिकारी माधौगढ़  संजय शर्मा ने कहा कि इस महामारी का कोई इलाज नहीं है। उन्होंने लाक डाउन के दौरान क्षेत्रवासियों के द्वारा मिल रहे सहयोग पर आभार व्यक्त करते हुए कोरोना संक्रमण से स्वयं का बचाव करने की अपील की। उन्होंने कहा कि बच्चों को मोहल्लों की गलियों में भी खेलने के लिए घर से बाहर न निकलने दें तथा लोग स्वयं घर से बाहर तभी निकलें जब बहुत जरूरी काम हो। उन्होंने कहा हमारी जागरूकता और लाक डाउन का पालन करना ही इस संक्रमण से हमें बचा सकती है। इस अवसर पर थानाध्यक्ष रामपुरा इंसपेक्टर आरके सिंह, पंचनद धाम बाबा साहब मंदिर के महंत सुमेरवन, विजय द्विवेदी अध्यक्ष व्यापार मंडल जगम्मनपुर, अमित पुरवार अध्यक्ष व्यापार मंडल रामपुरा, सतेंद्र सिंह पूर्व प्रधान डिकौली जागीर, डा. कैलाश चंद्र गुप्ता, शिवकुमार सिंह गौर मंडल महामंत्री भाजपा, कारी गुलाम मुस्तफा, हाजी नजर मोहम्मद, प्रदीप गौरव टीहर सहित लगभग आधा सैकड़ा लोग मौजूद थे।

Leave a comment