जालौन के स्वामी विवेकानंद इंटर कालेज में क्वारंटीन में रहने की दी गई थी सलाह
जालौन। औरैया से आए एक व्यक्ति का सीएचसी में स्वास्थ्य परीक्षण किया गया जिसके बाद उसे स्वामी विवेकानंद इंटर कालेज में क्वारंटीन की सलाह दी गई लेकिन रास्ते से उक्त व्यक्ति भाग गया जिसे ढंूढने में पुलिस लगभग तीन घंटे परेशान रही। पुलिस ने उसे उसके गांव में स्थित प्राथमिक विद्यालय में बने क्वारंटीन सेंटर में ढंूढ निकाला।
माधौगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम मिहौनी निवासी अरविंदपुत्र हरीराम औरैया से जालौन नगर में आया था जिसकी  जानकारी पुलिस को होने पर पुलिस ने उसका सीएचसी में स्वास्थ्य परीक्षण कराया था जिसमें डाक्टरों ने उसे नगर में स्थित स्वामी विवेकानंद इंटर कालेज में चौदह दिनों के लिए क्वारंटीन में रहने की सलाह दी। स्वामी विवेकानंद इंटर कालेज जाते समय बीच रास्ते से ही वह लापता हो गया। इसकी जानकारी जब अधिकारियों को हुई तो तत्काल उसकी खोजबीन शुरू की गई। पुलिस ने क्षेत्र के छिरिया सलेमपुर व बिरिया खुर्द गांवों में उसकी तलाश की लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला जिसके बाद उसके गांव में उसकी खोजबीन की गई। गांव में स्थित प्राथमिक विद्यालय में बने क्वारंटीन सेंटर में जब पूछताछ की गई तो वह वहीं पर मौजूद मिला जिसके बाद पुलिस ने राहत की सांस ली। जब उससे पूछताछ की गई तो उसने बताया कि उसे क्वारंटीन होना ही था तो इतनी दूर क्यों होता इसलिए उसने गांव में ही स्थित क्वारंटीन सेंटर में रहना ठीक लगा जिसके चलते वह गांव के प्राथमिक विद्यालय में आ गया।

Leave a comment