कालपी। तापमान के बढ़ते पारे को देखते हुए नगर में लगे करीब पांच सौ हैंडपंपों की व्यवस्था चुस्त दुरुस्त करने के लिए पालिका प्रशासन ने नगर के पच्चीस वार्डों में हैंडपंपों का सर्वे सभासदों व जनप्रतिनिधियों व समाजसेवियों के माध्यम से करने के निर्देश संबंधित बाबू को जारी कर दिए गए हैं।
नगर पालिका परिषद कालपी के अधिशासी अधिकारी सुशील दोहरे ने बताया कि शासन के निर्देश पर जिलाधिकारी डा. मन्नान अख्तर व उपजिलाधिकारी कालपी कौशल कुमार के निर्देश पर पालिकाध्यक्षा बैकुंठी देवी द्वारा यह निर्देशित किया गया है कि तापमान बढऩा शुरू हो गया है तथा वाटर लेवल का स्तर गिरना शुरू हो गया है। एेसे में कोरोना वायरस की महामारी में नगर पालिका परिषद क्षेत्र के पच्चीस वार्डों में पांच सौ हैंडपंप लगे हैं जिसमें बड़ी संख्या में खराब होने की सूचना है। अधिशाषी अधिकारी सुशील दोहरे ने आरके बाबू रमेश यादव को निर्देश दिए कि वह स्वयं एक तरफ से प्रत्येक पच्चीस वार्डों का हैंडपंप कर्मचारियों को ले जाकर सभासदों, पूर्व व वर्तमान जनप्रतिनिधियों, समाजसेवी लोगों व पत्रकार बंधुओं के माध्यम से स्थलीय निरीक्षण करके पूरे नगर में लगे करीब पांच सौ हैंडपंपों में कितने रिबोर होने हैं या फिर कितने छोटी मोटी खराबी से खराब हैं पूरी रिपोर्ट तैयार करके दें जिससे शीघ्र ही पालिका क्षेत्र में खराब हैंडपंपों को शीघ्र ही सही कराया जा सके। पालिका के अधिशाषी अधिकारी ने नगर के जागरूक लोगों से अपील की कि नगर में आपके आसपास कोई सरकारी हैंडपंप खराब है तो उसकी सूचना नगर पालिका परिषद कार्यालय को अवश्य दें।

Leave a comment