माधौगढ- विश्व में चीत्कार! मचाने वाले खतरनाक कोविड-19 के संक्रमण के बीच आम आदमी को बचाने में जी-जान से जुटे कोरोना योद्धाओं को नगरवासियों ने फूल वर्षा कर स्वागत किया। कोरोना की इस जंग में डॉक्टर,पुलिस, स्वास्थ्य कर्मी और सफाई कर्मी दिन-रात 24 घंटे ड्यूटी करके लोगों की मदद में जुटे हुए हैं। डॉक्टर जहां अस्पताल में जान जोखिम में डालकर इस महामारी से ग्रस्त लोगों को बचाने का प्रयास करते हैं तो सड़कों और सूनी पड़ी गलियों में पुलिस पहरा देकर लोगों की सुरक्षा में लगी है। स्वयं सब-कुछ लुटा कर आम लोगों तक ज़रूरत का हर सम्भव सामान पहुंचा रही है। यही नहीं सैकड़ों तस्वीरें रोज दिल को जीतने का काम कर रही हैं। कभी पुलिस रिक्शा चलाकर ज़रूरत मंदों तक खाना-राशन देने जा रहे हैं तो कहीं पुलिस के जवान बुजुर्गों के एक फोन पर दवा लेकर पहुंच रहे हैं। सड़क पर भूंखों को अपने हाथों से खाना ख़िलाते नज़र आ रहे हैं तो कहीं प्रसव से कराहती महिला को अपनी गाड़ी में बैठाकर अस्पताल पहुंचा रहे हैं। कोरोना संकट के चलते देश में पहली बार पुलिस का दूसरा रूप लोगों को दिखाई दिया तो ऐसे में इन ख़ाकीधारियों का अभिनंदन तो बनता है। इसी के चलते नगर में गश्त के दौरान नीतू व्यास के परिवार ने पुलिस के जवानों के ऊपर फूलों की बारिश की और फूल माला पहनाकर उनका अभिनंदन किया। जरूरत है कोरोना संकट में आम आदमी के लिए पहरेदारी कर रहे इन योद्धाओं का सम्मान कर हौंसला बढ़ाने का ताकि यह अपने फ़र्ज़ को गौरव के साथ निभाने से विचलित न हों।

Leave a comment