कालपी। कोरोना वायरस जैसी महामारी से आमजनमानस को बचाने के लिए कालपी क्षेत्र के पूर्व विधायक ने अपने निजी फंड व शिक्षण संस्थाओं के द्वारा 85650 रुपए की चेकें मुख्यमंत्री आपदा राहत कोष के लिए उपजिलाधिकारी कालपी को सौंपी।
पूरे विश्व में प्रलय मचाने वाली कोरोना वायरस महामारी के बचाव के लिए बुधवार को उपजिलाधिकारी कौशल कुमार अधिशाषी अधिकारी नगर पालिका परिषद सुशील कुमार दोहरे की मौजूदगी में भट्टीपुरा स्थित अरुण नर्सिंग होम पहुंचे जहां कालपी कालेज कालपी के प्रबंधक एवं पूर्व विधायक डा. अरुण मेहरोत्रा ने कालपी कालेज कालपी की ओर से 59350 रुपए की धनराशि की आरटीजीएस की स्लिप व अपने व्यक्तिगत फंड से 11000 रुपए की चेक तथा मोतीचंद्र विद्या निकेतन सदर बाजार कालपी की ओर से 5100 रुपए की चेक प्रबंधक दीपक धवन व मंत्री डा. अरुण मेहरोत्रा द्वारा उपजिलाधिकारी कौशल कुमार को सौंपी गई। वहीं मोतीचंद्र वर्मा विद्या निकेतन के प्रबंधक दीपक धवन की माता सरोज धवन द्वारा 5100 रुपए की चेक तथा स्त्री रोग विशेषज्ञ पूर्व विधायक की पत्नी डा. सीमा मेहरोत्रा द्वारा 5100 रुपए की चेक कोरोना वायरस जैसी बीमारी की रोकथाम के लिए उपजिलाधिकारी कालपी को सौंपी गई। कुल 85650 रुपए की आर्थिक सहायता कोरोना वायरस की बीमारी के लिए मुख्यमंत्री आपदा कोष के लिए दी गई। उपजिलाधिकारी कौशल कुमार द्वारा आभार व्यक्त किया गया।

Leave a comment