बंगरा-उरई। कोरोना विपत्ति के समय पुलिस का जिस तरह अभिनंदन हो रहा है, अभूतपूर्व है। ठीक वैसा ही नजारा है जैसी युद्ध के समय सीमा की ओर कूंच कर रहे सेना के जवानों की रास्ते में पड़ने वाले गांवों में हौसला आफजाई होती है। जनता के बदले सुर के पीछे सोशल मीडिया की भी बड़ी भूमिका है। चूंकि सोशल मीडिया पर जो चल जाता है उसका तेजी से अनुकरण होने लगता है। बहरहाल अपने अभिनंदन की इस नई परंपरा से पुलिस वाले भी कम बाग-बाग नहीं हैं।
इसी कड़ी में बुधवार को यहां समाज सेवी नीतू व्यास ने प्रमुख लोगों के साथ दिल खोलकर क्षेत्र और जिले के पुलिस अधिकारियों का स्वागत किया। अपर पुलिस अधीक्षक डा0 अवधेश सिंह को उन्होंने मानपत्र देकर नवाजा। इसके पहले माधौगढ़ के कोतवाल जेपी पाल और उनकी टीम पर अपनी पुत्री गुनगुन के साथ उन्होंने फूलों की जो बर्षा की उससे पुलिस निहाल हो गयी। नीतू व्यास ने कहा कि लाॅकडाउन का बड़ा दारोमदार पुलिस पर है। इसमें उसकी डयूटी ऐसी है कि लोगों के साथ नोकझोंक भी करनी पड़ती है फिर भी वह डयूटी से पीछे नहीं हटती। इन हालातों में लोग पुलिस को नवाजेंगे तो उनका धैर्य नहीं टूटेगा जो लाॅकडाउन की आन बनाये रखने के लिए लाजिमी है।

Leave a comment