
घर से नाराज होकर निकल आया था वृद्ध, मौके पर पुलिस के पहुंचने पर बची जान
कदौरा। नगर क्षेत्र में हाइवे पर जान देने की कोशिश कर रहे वृद्ध की सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस द्वारा सूझबूझ से तत्काल वृद्ध को समझाबुझाकर उसके परिजनों का पता लगाकर सूचना दी गई व वृद्ध को परिजनों के हवाले कर दिया गया।
ज्ञातव्य हो कि थाना व नगर कदौरा हाइवे बस स्टैंड पर अज्ञात वृद्ध द्वारा चलती गाडिय़ों के नीचे आने का प्रयास देख कुछ लोगों द्वारा पुलिस को सूचना दी गई। खबर लगते ही मौके पर पहुंचे सब इंस्पेक्टर आलोक पाल द्वारा सूझबूझ से वृद्ध को समझाया गया व उसके घर ग्राम का पता पूछा। वृद्ध द्वारा स्पष्ट जानकारी न दे पाने पर दरोगा द्वारा आसपास के लोगों से पता लगाया तो नगर निवासी स्वतंत्र द्वारा वृद्ध की पहचान करते हुए बताया गया कि उसका नाम हुकुम सिंह (80 वर्ष) पुत्र कालीदीन निवासी कठपुरवा है। पुलिस द्वारा वृद्ध के परिजन पुत्र ओमप्रकाश को सूचना देकर वृद्ध को उनके सुपुर्द कर दिया गया। वहीं बताया गया कि वृद्ध घर से नाराज होकर आया था। आसपास के लोगों द्वारा बताया गया कि अगर पुलिस मौके पर न पहुंचती तो वृद्ध किसी वाहन के नीचे आकर आत्महत्या कर लेता। वहीं मामले में सब इंस्पेक्टर आलोक पाल द्वारा बताया गया कि उक्त वृद्ध भटक गया था जो कि घर का पता नहीं बता पा रहा था जिसकी जानकारी करते हुए उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।







Leave a comment