कालपी। कालपी तहसील प्रशासन ने चौबीस घंटों के दौरान गैर प्रांत व परदेश से लौटे करीब दो दर्जन से अधिक लोगों को क्वारंटीन कराया जिसमें आधा दर्जन लोगों को होम क्वारंटीन व बाकी शेष को प्रशासन द्वारा बनाए गए क्वारंटीन सेंटर में रखा गया है जबकि कई लोगों को रेंडम जांच के लिए जिला मुख्यालय उरई भेजा गया है।
मालूम हो कि प्रधानमंत्री द्वारा पहले इक्कीस दिन व दूसरी बार उन्नीस दिन के लाक डाउन के दौरान बीस दिनों तक कालपी नगर में ज्यादातर बाहर से आए लोगों को घर पर ही निर्धारित शर्तें पूरी करने के निर्देश प्रशासन ने दिए गए थे लेकिन मंगलवार को अचानक ट्रक में भरकर आए आधा दर्जन से अधिक लोगों ने प्रशासन की मुसीबत बढ़ा दी। जानकारी पर सक्रिय हुए उपजिलाधिकारी कौशल कुमार, पुलिस उपाधीक्षक राहुल पांडेय, अधिशाषी अधिकारी सुशील कुमार दोहरे ने नगर के मोहल्ला पुराना राजघाट पर छापेमारी की तो पता चला  की यहां पर रहने वाला एक ट्रक चालक अपने आधा दर्जन साथियों के साथ अहमदाबाद से आया है जिसमें कई को बुखार भी है। मामले को गंभीरता से लेकर प्रशासन ने सभी युवकों को कब्जे में लेकर दयानंद बाल विद्या मंदिर में बने क्वारंटीन केंद्र में भेज दिया है। आज इस केंद्र से तीन लोगों को रेंडम जांच के लिए उरई भेजा गया। अब चौदह दिनों तक यह लोग यहीं पर रहेंगे। इसके साथ ही प्रशासन ने कदौरा विकास खंड स्थित ग्राम बरही में प्रदेश से लौटे छह लोग जो अपने परिवार के साथ आए थे उन्हें उनके घरों में होम क्वारंटीन किया है तथा अपने अपने घरों में रहने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा आठ युवकों को प्राथमिक विद्यालय में बने क्वारंटीन केंद्र में रखा गया है। इसके अलावा बुधवार को महेवा विकास खंड के ग्राम हथनौरा में भी प्रदेश से लौटे दो युवकों को चौदह दिन तक सरकारी अभिरक्षा में ले लिया गया है। उपजिलाधिकारी कौशल कुमार के अनुसार सभी क्वारंटीन सेंटर में रखे गए युवकों में कोरोना संबंधित कोई लक्षण नहीं हैं लेकिन परदेश से लौटने के कारण उन्हें संदिग्ध की श्रेणी में रखा गया है। इस दौरान शासन द्वारा उनके भोजन पानी के इंतजाम के साथ नियमित डाक्टरी परीक्षण भी कराया जाएगा। बुधवार को प्रशासनिक अमले के जिम्मेदार लोगों ने नगर में स्थित क्वारंटीन केंद्र का निरीक्षण किया तथा जिम्मेदारों को यहां की व्यवस्था चुस्त दुरुस्त रखने के निर्देश दिए हैं।
मुंबई से लौटे युवक को स्वास्थ्य टीम ने जांच के लिए भिजवाया
कदौरा। कदौरा क्षेत्र के ग्राम गुलौली में मंगलवार की रात मुंबई से लौटे युवक की सूचना स्वास्थ्य विभाग को लगते ही बुधवार की दोपहर में ग्राम पहुंची स्वास्थ्य टीम द्वारा युवक की जानकारी करते हुए उसे एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल भिजवाया गया। वहीं बताया गया कि जांच करने पहुंची टीम में डा. अजय कुमार, गुलाब, प्रशांत सहित अन्य लोग मौजूद रहे। बताया गया कि बाहर से लौटे युवक को कोई समस्या नहीं थी , साधारण खांसी थी।

Leave a comment