मुहम्मदाबाद। डकोर क्षेत्र के बंधौली में मंगलवार को ग्रामीणों ने मौरंग खनन कर रहे डंफरों को रोक लिया। साथ ही नारेबाजी के साथ प्रदर्शन कर मुहम्मदाबाद सिमिरिया मार्ग जाम कर दिया। आरोप था कि लाक डाउन का उल्लंघन कर अवैध मौरंग खनन मनमाने ढंग से किया जा रहा है। डंफरों व ट्रकों के चलने से सडक़ें खराब हो रही हैं। गांव के किनारे गहरे गड्ढे हो रहे हैं। सूचना पर डकोर इंस्पेक्टर बीएल यादव ने पहुंचकर ग्रामीणों को कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया।
डकोर क्षेत्र के ग्राम बंधौली में स्थित एक नम्बर घाट के पास बेतवा नदी किनारे दो दिन से अवैध मौरंग खनन किया जा रहा है। जब सुबह ग्रामीणों को इसकी सूचना मिली तो वह भडक़ गए और प्रदर्शन किया। मुहम्मदाबाद सिमिरिया मार्ग पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप है कि लाक डाउन का फायदा उठाकर मौरंग माफिया एक नंबर घाट पर लंबे अरसे से खनन कर रहेहैंै। लगातार ग्रामीण इसकी सूचना जिलाप्रशासन के आलाधिकारी को दे रहे हैं मगर आज तक इस पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। अवैध खनन से खेत बर्बाद हो रहे हैं। ट्रकों की आवाजाही से गांव में कोरोना जैसी घातक बीमारी का खतरा मंडरा रहा है। वाहनों के चलने से सडक़ बदहाल हो गई हैं। इससे धूल के गुबार उठ रहे हैं। सूचना पर पहुंचे डकोर इंस्पेक्टर बीएल यादव ने ग्रामीणों को समझाया और मामले को शांत किया। उन्होंने बताया कि जो भी अवैध खनन कर रहा है उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही पूरे मामले को लेकर जिला प्रशासन को अवगत कराएंगे।
जमकर हो रहा खनन, अफसर अनजान
जिले में शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक जबरदस्त खनन हो रहा है। चाहे वह बेतवा नदी या फिर खेतों से मिट्टी खनन। खेतों तक में बिना अनुमति के खनन किया जा रहा है लेकिन एेसा करने वालों को रोकने और टोकने वाला कोई नहीं है। इस संबंध में एसपी डा. सतीश कुमार का कहना है कि जिस थाना क्षेत्र में खनन हो रहा है वहां संबधित थानेदार की जिम्मेदारी है। अवैध खनन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a comment