एट। विश्व पृथ्वी दिवस के मौके पर कस्बे के स्वतंत्रता संग्राम सेनानी की याद में कोटरा नगर पंचायत द्वारा कोटरा बेतवा जैव विविधता पार्क की नींव कुछ माह पूर्व रखी गई थी। जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक व अपर जिलाधिकारी के साथ कोटरा पहुंचे और नगर पंचायत द्वारा कराए जा रहे कार्यों का निरीक्षण कर अधिशाषी अधिकारी से बिंदुवार जानकारी ली।
जिला मुख्यालय से करीब बीस किलोमीटर की दूरी पर बेतवा नदी किनारे बसे नगर पंचायत कोटरा में बुंदेलखंड के प्रथम पत्रकार एवं स्वतंत्र सेनानी की याद में बेतवा जैव विविधता पार्क के निर्माण का जिलाधिकारी डा. मन्नान अख्तर, पुलिस अधीक्षक डा. सतीश कुमार, अपर जिलाधिकारी प्रमिल कुमार सिंह एवंं अतिरिक्त मजिस्ट्रेट गुलाब सिंह ने निरीक्षण कर कराए जा रहे विकास कार्यों की अधिशाषी अधिकारी प्रद्युम्न कुमार एवं नगर पंचायत अध्यक्ष आसाराम अग्रवाल से जानकाारी ली। अधिशाषी अधिकारी ने बताया कि नगर के स्वतंत्रता संग्राम सेनानी बाबू मूलचंद्र अग्रवाल की याद में नगर में एक अनोखे  कोटरा बेतवा जैव विविधता पार्क की स्थापना की जा रही है जिसका मुख्य उद्देश्य छात्र छात्राओं व बच्चों में अपने पर्यावरण को समझने व बुंदेलखंड के जीव जंतुओं, वनस्पतियों का प्रत्यक्ष ज्ञान व उनके  महत्व को समझाना है। इस परिसर को शैक्षणिक, प्रायोगिक व व्यवहारिक रूप से विकसित करने का लक्ष्य है जिसमें बाबू मूलचंद्र अग्रवाल पुस्तकालय व वाचनालय, पार्क, संग्रहालय, ओपन जिम, छत्रसाल की गढ़ी, चांदनी महल के भग्नावशेषों का संरक्षण, बेतवा नदी तक रोप वे, फूलों की घाटी, वर्ड बटरफ्लाई वाचिंग जोन, आयुर्वेद अस्पताल आदि क्षेत्रों के विकास की योजना है। छात्रों के बौद्धिक शारीरिक विकास हेतु डिजिटल लाइब्रेरी, साइंस के माडल व प्रयोगशाला, पशु पक्षियों व मगरमच्छों के प्राकृतिक परिवेश के अवलोकन हेतु परिपथ व उस पर ज्ञान पार्क के विकास के लिए प्रयासरत हैं। उन्होंने कहा कि आशा है कि भविष्य में यह जनपद में पर्यावरण संरक्षण व शैक्षिक गतिविधियों का एक अनूठा केंद्र बनेगा। उन्होंने कहा कि उनका प्रयास नगर पंचायत कोटरा को बुंदेलखंड में पर्यटक स्थल के रूप में भी विकसित करने का है। इस दौरान सदस्यगण एवं कर्मचारी सहित कस्बा वासी उपस्थित रहे।

Leave a comment

Recent posts