जालौन। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम देवरी में छह माह पूर्व हुए खूनी संघर्ष में घायल अधेड़ की मौत हो गई है। मृतक के पुत्र ने हत्या का आरोप गांव के ही सात लोगों पर लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पिछले वर्ष 15 अक्टूबर की शाम ग्राम देवरी में खूनी संघर्ष में चरन सिंह, बबलू सेंगर व बेताब सेंगर घायल हो गए थे। गंभीर रूप से घायल लोगों ने गांव के नीरज, अंकित, पिल्लू, पप्पू, महेंद्र, सुघर सिंह व धीरज पर जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया था। पुलिस ने उक्त सभी के खिलाफ मामला भी दर्ज किया था। मामले में घायल पैंतालीस वर्षीय चरन सिंह सेंगर पुत्र मेक सिंह की गुरुवार की सुबह घर पर ही मौत हो गई। मृतक के पुत्र पंकज ने पुलिस को बताया कि घटना में घायल पिता का इलाज घर पर ही चल रहा था। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई है। मृतक के पुत्र की शिकायत पर एसआई सफीक अहमद ने मौके पर जाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है जिससे मौत के कारण पता चल सके।

Leave a comment