
169 लोगों को उनके गृह जनपद भेजा गया
जालौन। शुक्रवार की रात महाराष्ट्र से 169 लोग नगर में आए थे। इन सभी को कैलाशी देवी श्रवण कुमारी महाविद्यालय में बनाए गए क्वारंटीन सेंटर में रखा गया था। वहीं उनके खाने पीने की भी व्यवस्था की जा रही थी। सिद्धार्थ नगर, बलरामपुर, संत कबीरनगर, फतेहपुर, बस्ती, जौनपुर के इन लोगों ने शनिवार की शाम से हंगामा करना शुरू कर दिया। यह लोग उन्हें घर जाने देने की मांग कर रहे थे। इसी के साथ उन्होंने क्वारंटीन सेंटर से भागने का भी प्रयास किया।
क्वारंटीन सेंटर में हो रहे हंगामा की सूचना मिलने पर एसडीएम सुनील कुमार शुक्ला, सीओ सुबोध गौतम, कोतवाली प्रभारी सुनील कुमार सिंह ने मौके पर जाकर लोगों की समस्या को सुना तो सभी लोग अपने गांव जाने की जिद करने लगे जिस पर प्रशासन ने उच्चाधिकारियों से बात कर आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया जिसके बाद उत्तेजित लोगों का गुस्सा शांत हुआ। इसके बाद क्वारंटीन सेंटर में हंगामा करने वाले सभी 169 लोगों को उनके गृह जनपद भेज दिया गया।







Leave a comment