जालौन। ट्रैक्टर के लिए अगला टायर लेने जा रहे बाइक सवारों को तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि गंभीर रूप से जख्मी बाइक चालक ने झांसी जाते समय रास्ते में ही दम तोड़ दिया। हादसे से नाराज ग्रामीणों ने कुछ देर के लिए सडक़ भी जाम कर दी थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को समझा बुझाकर जाम खुलवाया।
उरई कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कुकरगांव निवासी शीलू चौधरी (25 वर्ष) पुत्र श्याम मास्टर अपने साथी वीर सिंह चौधरी (28 वर्ष) पुत्र बालकराम के साथ सुबह लगभग नौ बजे ट्रैक्टर के अगला टायर लेने के लिए बाइक से जालौन आ रहे थे। अभी वह कुछ ही दूर चले थे कि उरई जालौन मार्ग पर सात मील के आगे स्थित मां कामाक्षां देवी मंदिर मोड़ पर पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक के चालक ने अनियंत्रित होकर उनकी बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। वहीं बाइक के पीछे बैठा वीर सिंह उछलकर दूर जा गिरा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई जबकि बाइक चला रहे शीलू ने हेलमेट पहन रखा था तो उसकी सांसें चल रही थी लेकिन गंभीर रूप से घायल वह भी था। जैसे ही परिजनों को हादसे की सूचना मिली तो वह उसे लेकर झांसी मेडिकल कालेज जा रहे थे लेकिन रास्ते में ही उसकी भी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली प्रभारी रमेश चंद्र मिश्रा अपने हमराहियों लवकुश, विश्वास यादव के साथ मौके पर पहुंच गए और लोगों से घटना की जानकारी ली। वहीं घटना के बाद मौका पाकर ट्रक चालक ट्रक लेकर मौके से भाग निकला। उधर जैसे ही ग्रामीणों को जानकारी हुई कि उनके गांव के युवक की सडक़ हादसे में मौत हो गई है तो उत्तेजित ग्रामीणों ने कुकरगांव में जाम लगा दिया जिससे कुछ देर के लिए ट्रैफिक रुक गया जिसकी जानकारी जब पुलिस को हुई तो मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को समझा बुझाकर शांत कराया जिसके बाद जाम खुल सका।

Leave a comment