नई दिल्ली. भारत से करोड़ों रुपये का लोन लेकर भागे हीरा व्यापरी नीरव मोदी को भारत लाये जाने के लिए केन्द्र सरकार लगातार प्रयास कर रही है. वहीं नीरव मोदी के केस में नया मोड़ आ गया है. भाजपा ने आरोप लगाया है कि कांग्रेस के नेता कोर्ट में उन्हें बचाने की कोशिश कर रहे हैं. दरअसल बॉम्बे और इलाहाबाद हाई कोर्ट के पूर्व जज अभय थिप्से ने नीरव के पक्ष में गवाही दी है.
जानकारी के अनसुार लंदन के वेस्ट मिनिस्टर कोर्ट में अपनी गवाही में उन्होंने कहा कि नीरव पर भारतीय कानून के अनुसार कोई केस नहीं बनता है. अभय थिप्से करीब दो साल पहले कांग्रेस में शामिल हुए थे. इस घटनाक्रम के बाद अब भाजपा ने कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा है कि वो नीरव मोदी को बचाने की कोशिश कर रहे हैं.
केंद्रीय कानून मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कहा कि 13 मई को बॉम्बे हाई कोर्ट के एक रिटायर्ड जज ने नीरव मोदी के डिफेंस विटनेस के रूप में ये स्टैंड लिया है कि नीरव मोदी के खिलाफ कोई केस नहीं है. उनको बचाने की पूरी कोशिश की गई है. उन्होंने कहा कि ये हाईकोर्ट के रिटायर्ड जज हैं. इन्हें प्रशासनिक कार्यों के लिए रिटायमेंट के 10 महीने पहले इलाहाबाद हाईकोर्ट ट्रांसफर किया गया था. रोचक बात है कि इन्होंने 13 जून 2018 को कांग्रेस की सदस्यता ली थी. रविशंकर प्रसाद ने कहा कि अभय थिप्से 13 जून 2018 को कांग्रेस में शामिल हुए थे. उन्होंने कहा कि थिप्से के पार्टी में शामिल होने के वक्त राहुल गांधी, अशोक गहलोत और अशोक चव्हाण भी मौजूद थे.
रविशंकर प्रसाद ने इस मामले में कांग्रेस को घेरते हुए राहुल गांधी पर भी निशाना साधा है. प्रसाद ने कहा कि नीरव मोदी से संबंधित मामले कांग्रेस के शासन के हैं. ये अधिकांश मामले यूपीए-1 और यूपीए-2 में हुआ था. श्रीमान राहुल गांधी जी ने 13 सितंबर 2013 को नीरव मोदी के एक कार्यक्रम में भी शिरकत की थी और कांग्रेस पार्टी ने इसे इनकार भी नहीं किया था.







Leave a comment