बंगरा-उरई। जिलाधिकारी डा. मन्नान अख्तर ने सोमवार को स्थानीय राजकीय इंटर कालेज में स्थापित किये गये कोरेंटाइन सेंटर का निरीक्षण किया। इस दौरान व्यवस्थाओं से संतुष्ट नजर आये। उन्होंने इसके लिए लेखपाल मनीष आर्य और उनकी टीम की सराहना की। साथ ही निर्देश दिये कि ज्यादातर बसे यहीं रोकी जायें और प्रवासी मजदूरों को यहीं से यथा स्थान भेजने की व्यवस्था की जाये।
जिलाधिकारी ने एसडीएम माधौगढ़ सालिकराम से कहा कि राजकीय इंटर कालेज बंगरा में पर्याप्त जगह है जिसके कारण ज्यादातर प्रवासियों को यहीं रोका जाये। संशय ग्रस्त लोगों को रोककर तत्काल उनके सैम्पिल लेने के निर्देश दिये। जिलाधिकारी ने पुलिस को सख्त हिदायत देते हुए कहा कि कोई भी मजदूर पैदल या प्रतिबंधित वाहन से न जाने दिया जाये। उनको बैरीकेटिंग करके रोका जाये जिसके बाद जो सरकारी वाहन जा रहे हों उन्हीं से उनको भेजा जाये। सभी प्रवासियों की रजिस्टर में इंट्री की जाये। इसके अलावा इन सेंटर पर समाज सेवी भी प्रशासन की मदद कर सकते हैं। इस दौरान एसडीएम सालिकराम, तहसीलदार प्रेम नारायण प्रजापति, नायब तहसीलदार चंद्रकांत तिवारी, चौकी इंचार्ज राजीव कांत, प्रधान प्रतिनिधि सोनू दीक्षित, लेखपाल उदय तिवारी, मनीष आदि रहे। बाद में जिलाधिकारी ने जालौन में स्वामी विवेकानंद इंटर कालेज में चलाये जा रहे कोरेंटाइन सेंटर का भी निरीक्षण किया।






Leave a comment