
एट। कोरोना वायरस के चलते देश में लाक डाउन 4 लागू कर दिया गया है। इसी के चलते झांसी जालौन सीमा पर प्रवासियों के प्रवेश को लेकर हो रही झड़पों और प्रवासियों के आवागम में आ रही परेशानियों को लेकर देर रात्रि झांसी परिक्षेत्र के आईजी ने पिरौना बार्डर पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। पैदल आने वाले प्रवासी मजदूरों को खाना खिलाकर उनको सरकारी वाहनों से घर भेजने की व्यवस्था को लेकर अधीनस्थों को दिशा निर्देश भी दिए।
सोमवार की रात्रि में पुलिस महानिरीक्षक झांसी परिक्षेत्र सुभाष सिंह बघेल द्वारा कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव एवं रोकथाम हेतु लागू लाक डाउन चार के दृष्टिगत जालौन झांसी (पिरौना) बार्डर, एट टोल प्लाजा का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया एवं ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों, पुलिस कर्मचारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रवासियों को किसी भी प्रकार की समस्या न हो और उनके घर पहुंचने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि ट्रकों ओर डग्गामार वाहनों से जो प्रवासी जा रहे हैं उनको समझाया जाए कि उनके लिए बसें चलाई जा रही हैं उनसे अपने गृह जनपद जाएं। साथ ही साथ डीआईजी ने पुलिस को दिशा निर्देश देते हुए कहा कि प्रवासियों के साथ कतई बदसलूकी न करें। उनके लिए खाने पीने की व्यवस्था करें। बाद में आईजी एट टोल पहुंचे जहां पर भी उन्होंने टोल कर्मचारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए और कहा कि सोशल डिस्टेंसिंग का पूर्ण रुप से पालन किया जाए और टोल पर अनावश्यक भीड़ न लगाई जाए। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक डा. सतीश कुमार एवं अपर पुलिस अधीक्षक डा. अवधेश कुमार सिंह उपस्थित रहे।







Leave a comment