
माधौगढ़। शार्ट सर्किट से लगी आग ने विकराल रूप धारण कर लिया जिससे आर्थिक रूप से कमजोर व्यक्ति की गृहस्थी राख हो गई। भूसा, गेहूं से लेकर कपड़े आदि भी आग के कारण पूरी तरह जल गए। मजदूरी से कमाई गई रकम भी आग में स्वाहा हो गई। घटना की जानकारी लगते ही कोतवाली पुलिस घटना स्थल पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास किया लेकिन तब तक सबकुछ जल चुका था।
लक्ष्मणपुरा में गोविंद उर्फ अल्लू पुत्र स्व. राम सिंह के यहां शार्ट सर्किट की वजह से आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण करते हुए चौदह कुंटल गेहूं और एक ट्राली भूसा को जलाकर राख कर दिया। साथ ही गृहस्थी का पूरा सामान और नकदी भी आग में जल गई। घटना की सूचना कोतवाली पुलिस को मिली तो इंस्पेक्टर सुनील यादव ने मौके पर पुलिस को भेजकर तत्काल मदद करने को कहा। पुलिस के सहयोग से आसपास के लोगों ने आग बुझाई लेकिन तब तक गृहस्थी राख में तब्दील हो चुकी थी। लेखपाल मंसूर खान ने सरकारी नियमों के तहत मुआवजा दिलवाने की बात कही।







Leave a comment