जालौन। बुधवार की रात बिजली के तार से निकली चिंगारी से गन्ने के खेत में आग लग गई। आग लगने के कारण दो बीघा खेत में खड़ी गन्ने की फसल जलकर राख हो गई है। पीडि़त किसान ने एसडीएम को प्रार्थना पत्र देकर आर्थिक मदद दिलाने की मांग की है।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मकरंदपुरा निवासी सुरजीत सिंह पुत्र मथुरा प्रसाद ने एसडीएम को प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उनके गाटा संख्या 384 के 2 बीघा जमीन पर गन्ने की फसल खड़ी थी। खेत के ऊपर से बिजली का हाईटेंशन तार निकला है। बुधवार की रात बिजली के तार से निकली चिंगारी से उनके गन्ने के खेत में आग लग गई। खेत से उठ रही आग की लपटों को देखकर गांव वालों ने जानकारी दी। जब तक उन्होंने मौके पर पहुंचकर फायर बिग्रेड को बुलाया तब तक पूरी फसल जलकर राख हो गई थी। खेत में आग लगने से उन्हें लगभग एक लाख रुपए का नुकसान हुआ है। पीडि़त किसान ने एसडीएम से जांच कराकर आर्थिक मदद दिलाने की मांग की है। किसान की मांग पर एसडीएम ने तहसीलदार को जांच कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं।

Leave a comment