
एट। गैर प्रांतों से अपने घर लौटे प्रवासियों की जानकारी न देने पर नोडल अधिकारी एवं सदर एसडीएम ने ग्राम पंचायत सचिव कोटेदारों, लेखपाल सहित आशा बहुओं को लगाई फटकार उनको निर्देशित देते हुए कहा कि शाम तक हर हाल में प्रवासियों की जानकारी एवं घर का नोटिस का चस्पा करके फोटो सहित आफिस में उपलब्ध कराएं। कार्य में लापरवाही बरतने पर कार्रवाई के लिए तैयार रहें।
नगर पंचायत कार्यालय में आयोजित बैठक में नोडल अधिकारी धर्मेंद्र सिंह एवं सदर एसडीएम सत्येंद्र सिंह ने ग्राम पंचायत सचिव अंकित पटेल, कोटेदारों एवं आशा बहुओं सहित लेखपाल से बाहर से आए प्रवासियों मजदूरों की जानकारी मांगी तो वे एक दूसरे की बगले झांकने लगे और एक दूसरे पर आरोप लगाकर जानकारी मांगने लगे जिस पर नोडल अधिकारी ने ग्राम पंचायत सचिव अंकित पटेल को कड़ी फटकार लगाते हुए कहा कि यह आपकी जिम्मेदारी बनती है कि बाहर से आए प्रवासी मजदूरों को जांच कराकर उनको चौदह दिन का क्वारंटीन कराएं या उनको होम क्वारंटीन कराकर उनके घर के बाहर नोटिस चस्पा करें। वहीं आशा बहुओं ने बताया कि आए हुए प्रवासी मजदूरों की लिस्ट बनाकर उन्होंने स्वास्थ्य उपकेंद्र पर जमा कर दी थी लेकिन उन पर क्या कार्रवाई हुई जानकारी नहीं दे पाए। वहीं सदर एसडीएम सत्येंद्र सिंह ने सभी की फटकार लगाते हुए कहा कि एट नगर पंचायत में आए हुए सभी प्रवासी मजदूरों की शाम तक जानकारी दें और साथ ही उनका क्वारंटीन पूरा हुआ है कि नहीं अगर नहीं हुआ है तो उनके घर के बाहर नोटिस चस्पा करके उनको घर में रहने की हिदायत दें और अगर कोई भी कर्मचारी लापरवाही करता हुआ पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान एट नगर पंचायत के अधिशाषी अधिकारी, अतिरिक्त मजिस्ट्रेट गुलाब सिंह, लिपिक मैथिलीशरण गुप्ता व नगर पंचायत के कर्मचारी उपस्थित रहे।







Leave a comment