जालौन। रंजिश के चलते जेसीबी से खेत की लेवलिंग कराने के दौरान पिता पुत्र ने मिलकर युवक के साथ मारपीट कर दी। साथ ही जेसीबी का शीशा भी तोड़ दिया। शिकायत करने पर घर में घुसकर दोबारा से मारपीट की। पीडि़त ने मामले की तहरीर कोतवाली में दी। पीडि़त की तहरीर पर पुलिस ने आरोपित पिता पुत्र के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम अम्मरगढ़ निवासी ध्रुव प्रताप सिंह ने पुलिस को बताया कि उसने बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे का निर्माण कराने वाली संस्था को खेत की मिट्टी बेची थी जिससे खेत में गड्ढे हो गए थे। गुरुवार की शाम वह जेसीबी मशीन से खेत में लेवलिंग का काम करा रहा था। तभी गांव के ही रामेंद्र सिंह व उनके पुत्र रामनिवास कुल्हाड़ी लेकर वहां आ गए और गालीगलौज करने लगे। मना करने उन्होंने जेसीबी का कांच तोड़ दिया और उसके साथ मारपीट कर दी जिसके बाद वह घर आ गया। इतने से भी जब उनका मन नहीं भरा तो रात में दोनों कुल्हाड़ी लेकर फिर से उसके घर में घुस आए और गालीगलौज करते हुए मारपीट करने लगे। कुल्हाड़ी की मूठ से उसके हाथ पर वार कर दिया जिससे उसे चोटें आई हैं। पुलिस से शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी है। पीडि़त की तहरीर पर पुलिस ने आरोपित पिता पुत्र के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की।







Leave a comment