
कालपी। कालपी नगर के मोहल्ला मिर्जामंडी जुलैहटी स्थित बड़ी मस्जिद के पीछे वाली गली में कानपुर डिलेवरी कराने गई पच्चीस वर्षीय महिला को कोरोना पाजीटिव निकलने के साथ जुलैहटी के इलाके को हाट स्पाट घोषित कर दिया गया। जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने कालपी के रेड जोन इलाके का दौरा किया तथा अधीनस्थों को आवश्यक दिशानिर्देश दिए गए।
गुरुवार की दोपहर बारह बजे जिलाधिकारी डा. मन्नान अख्तर एवं पुलिस अधीक्षक डा. सतीश कुमार ने उपजिलाधिकारी कौशल कुमार, पुलिस उपाधीक्षक राहुल पांडेय, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मानिक चंद पटेल, अधिशाषी अधिकारी सुशील कुमार दोहरे के साथ जुलैहटी चौराहे स्थित बड़ी मस्जिद के पास पहुंचकर हाट स्पाट इलाके का निरीक्षण किया। इस दौरान महिला की डिलेवरी व परिवारीजनों की संख्या, रेड जोन इलाके में लगाई गई बेरीकेटिंग तथा कांटेक्ट हिस्ट्री में आए लोगों की जानकारी के अलावा हाट स्पाट इलाके में सेनेटाइजर का छिडक़ाव व आवश्यक खाद्य आपूर्ति का वितरण व सोशल डिस्टेंसिंग बनाए रखने संबंधी विषयों पर चर्चा करते हुए आवश्यक दिशानिर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि जितने लोग संपर्क में आए हैं सभी की जांच अवश्य होनी चाहिए। मालूम हो कि इससे पूर्व 9 मई को नगर के उदनपुरा में एक साथ सात मरीज कोरोना के निकलने के बाद हडक़ंप मच गया था जिसके बाद सडक़ के इसी पार 28 तारीख को रेड जोन समाप्त हुआ था। इस दौरान आरआई रामभवन सिंह, उपनिरीक्षक सुनील कुमार सैनी व वार्ड के सभासद मौजूद थे।
संपर्क में आए लोगों की भी हो रही जांच
कालपी के जुलैहटी हाट स्पाट इलाके का निरीक्षण करने आए जिलाधिकारी डा. मन्नान अख्तर ने पत्रकारों से मुखातिब होते हुए कहा कि महिला डिलेवरी के दौरान कोरोना पाजीटिव पाई गई थी। सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं तथा आगामी इक्कीस दिनों तक रेड जोन में यह इलाका रहेगा तथा जो लोग इन लोगों के संपर्क में आए हैं उनकी जांच कराई जा रही है।
–
51 लोगों को जांच के लिए भेजा गया
उपजिलाधिकारी कालपी कौशल कुमार ने बताया कि मिर्जामंडी व जुलैहटी के इस ढाई सौ मीटर के इलाके को सील कर दिया गया है। कोरोना पाजीटिव महिला के परिवार के एक व्यक्ति को जांच के लिए भेजा है। इसके अलावा इसके संपर्क में आए करीब 51 लोगों को जांच के लिए भेजा गया है जिसमें महिलाएं, पुरुष व बच्चे शामिल हैं। जांच के लिए गए सभी लोग उसके मोहल्ले के है। इसके अलावा जहां इसका प्रतिष्ठान है मुख्य बाजार टरननगंज वहां के लोगों को शुक्रवार को सैंपुलिंग के लिए भेजा जाएगा।





Leave a comment