ज्वाइंट कमिश्नर ने भदवां में की बैठक, मजदूरों से की काम व भुगतान को लेकर पूछताछ
जालौन। मनरेगा के कार्य में किसी भी प्रकार की हीलाहवाली कतई बर्दाश्त नहीं होगी। जिन लोगों के जाब कार्ड बने हैं और कार्य कराया जा रहा है उन्हें समय पर भुगतान किया जाए अन्यथा कार्रवाई होना तय है। यह बात ज्वाइंट कमिश्नर (मनरेगा) ने तहसील क्षेत्र के ग्राम भदवां में कही। इस दौरान उन्होंने मजदूरों से काम और भुगतान को लेकर पूछताछ भी की।
ज्वांइट कमिश्नर (मनरेगा) झांसी चंद्रशेखर ने तहसील क्षेत्र के ग्राम भदवां में मनरेगा की कार्य की प्रगति को लेकर बैठक की। गांव में खुली मीटिंग में गांव के कामता प्रसाद, ज्ञान देवी आदि ने बताया कि उनसे कार्य कराने के बाद भी प्रधान धनराशि को भेजने में देर करते हैं। किसी को चार हफ्ते, किसी को दो हफ्ते में धनराशि दी जाती है जिससे मजदूर परेशान हैं। रामप्रकाश, गुड्डी देवी, दीपक वर्मा, मोहम्मद बख्श, पप्पू आदि ने बताया कि ग्राम प्रधान के यहां जाब कार्ड बनवाने जाते हैं तो ग्राम प्रधान जाब कार्ड बनाने के लिए तैयार नहीं होते हैं। कभी खाते में पैसा नहीं आता है तो कभी काम नहीं मिलता है। एेसे में मजदूर परेशान हैं जिस पर ज्वाइंट कमिश्नर ने ग्राम प्रधान व सचिव को फटकार लगाते हुए कहा कि काम होने के बाद निर्धारित समय पर मजदूरों के खाते में भुगतान कर दिया जाए। साथ ही जाब कार्ड धारकों को काम भी दिया जाए। ध्यान रहे कोरोना के संक्रमण को देखते हुए सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराते हुए काम कराया जाए। साथ ही कार्यस्थल पर मास्क भी अनिवार्य रूप से पहना जाए। इसके अलावा कार्य करने के स्थान पर सेनेटाइजर अथवा पानी व साबुन की व्यवस्था की जाए ताकि मजदूर उनका उपयोग कर सुरक्षित रह सकें। इस मौके पर बीडीओ महिमा विद्यार्थी, सचिव जितेन सिंह पटेल प्रधान सुशील दोहरे आदि मौजूद रहे।

Leave a comment