
माधौगढ़। डिकौली स्थित माधौगढ़ नगर पंचायत के अधीन गौशाला पर अब राजनीति गरमा गई है। गौवंशों की लगातार खराब होती हालत और उनकी मौतों पर जनाक्रोश तो है ही बल्कि नगर पंचायत अध्यक्ष और प्रशासन अब आमने सामने हैं। गौवंश के लिए भूसे के पैसे के भ्रष्टाचार से लेकर गौवंशों की हो रही मौतों की जांच कराने के लिए नगर पंचायत अध्यक्ष राजकिशोर गुप्ता एेड़ी चोटी का जोर लगा रहे हैं। वहीं प्रशासन अपने कर्मचारियों की लापरवाही को छिपाने के लिए मनमाना ढंग अख्तियार कर रहा है। आवाज उठाने वालों के खिलाफ मुकदमे दर्ज कराए जा रहे हैं और सामने आ रहे लोगों पर दबाव बनाया जा रहा है जिससे सत्ताधारी भाजपा के नेता खुलकर प्रशासन के विरोध में आ गए हैं।
खुली चेतावनी के साथ में जिलाध्यक्ष रामेंद्र सिंह बना ने गौशाला की खामियों को देखकर उच्चस्तरीय जांच करवाने के बाद दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराए जाने का आश्वासन दिया है। सैकड़ों की तादाद में लोग तड़पती हुई गायों को देखकर आक्रोशित हैं। सोशल मीडिया पर दो दिन से डिकौली स्थित गौशाला जबरदस्त ट्रेंड कर रही है। पूरे जनाक्रोश की एक ही आवाज है कि जांच हो और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। अब देखने वाली बात होगी कि गाय के मुद्दे पर जीतने वाली भाजपा पार्टी सत्ताधारी दल होने के बाद किस हद तक दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करा पाने में सक्षम होती है।
इनसेट–
हिंदू संगठन और बजरंग दल भी आंदोलन की राह पर
गौशाला में तड़पते हुए जान दे रहे गौवंशों पर गौरक्षा आयोग से लेकर बजरंग दल के लोग आंदोलन की तैयारी में हैं। मनुराज तिवारी ने गत दिवस गौशाला में आकर सडक़ों पर उतरने का बिगुल फूंक दिया। उन्होंने कहा कि प्रशासन के जिम्मेदार निर्दोष युवकों को निशाना बनाकर उनकी आवाज दबाने के लिए मुकदमा लिखवा रहे हैं जिसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।





Leave a comment