माधौगढ़। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जुआ, अवैध शराब और मादक पदार्थों की बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए लगातार धड़पकड़ अभियान चलाया जा रहा है फिर भी इन अनैतिक कार्यों पर लगाम नहीं लग पा रही है। विगत दिन फिर से माधौगढ़ पुलिस ने हार जीत की बाजी लगाते हुए आधा दर्जन लोगों को घेर लिया लेकिन मौका पाकर तीन जुआरी भागने में कामयाब हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार माधौगढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत मुखबिर की सटीक सूचना पर माधौगढ़ कोतवाली प्रभारी सुनील कुमार सिंह के साथ उपनिरीक्षक राजीवकांत एवं हमराही रामखिलाड़ी और गोपाल दीक्षित के साथ मिलकर बंगरा के खेत में दबिश दी तो मौके पर आधा दर्जन लोग हार जीत की बाजी लगाते हुए पाए गए। जब पुलिस ने उन्हें पकडऩा चाहा तो तीन लोग पुलिस को चकमा देकर भागने में कामयाब हो गए। फिलहाल पुलिस तीन लोगों को पकडक़र कोतवाली ले गई जिनके पास से पुलिस को 25500 रुपए बरामद हुए। साथ ही एक मोटरसाइकिल भी पुलिस ने कब्जे में ले ली। पुलिस के अनुसार पकड़े गए लोगों के नाम चंद्रशेखर तिगुनायक पुत्र लखन लाल, संतराम शर्मा पुत्र चंद्रशेखर शर्मा, अखिलेश तिगुनायक पुत्र रमेश निवासीगण कुठौंदा थाना रेंढऱ बताए गए हैं।
इनसेट–
जुआ खेलते हुए तीन लोग गिरफ्तार
कालपी। कोतवाली कालपी क्षेत्र में सार्वजनिक स्थल पर ताश की गड्डी से हार जीत की बाजी लगाते हुए पुलिस ने तीन जुआरियों को जुआ खेलते गिरफ्तार किया जिनके पास से 1710 रुपए बरामद किए गए तथा ताश की गड्डी बरामद की गई। पकडे़ गए तीनों को जेल भेजा गया जबकि दो लोग मौके से भागने मे सफल रहे। पुलिस अधीक्षक डा. सतीश कुमार के आदेश पर तथा पुलिस उपाधीक्षक राहुल पांडेय व कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मानिक चंद्र पटेल व क्राइम इंस्पेक्टर मनोज मिश्रा के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत महमूदपुरा चौकी इंचार्ज सुनील कुमार सैनी बुधवार को गश्त पर थे। उसी दौरान व्यास मंदिर गेट के पास सार्वजनिक स्थल पर कुछ लोग ताश की गड्डी से हार जीत की बाजी लगा रहे थे। पुलिस ने मौके पर रहीशुद्दीन व प्रेमबाबू उर्फ रानू निवासी मदारपुर व वेदप्रकाश निवासी गुढ़ा खास सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया जिनके पास से 1710 रुपए नकद बरामद किए गए तथा तीनों को पुलिस ने जेल भेज दिया तथा दो लोग मौके का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे।

Leave a comment