आधा दर्जन मोहल्लों में जनसंपर्क कर मास्क व सेनेटाइजर का किया वितरण
जालौन। कोरोना के खिलाफ जंग जारी है। कोरोना को मात देने के लिए सरकार द्वारा तय किए गए नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करें तभी कोरोना को मात देना संभव है। इसके अलावा सरकार भी अपनी ओर से लोगों की मदद के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है। यह बात सदर विधायक ने नगर के लगभग आधा दर्जन मोहल्लों में जनसंपर्क कर मोहल्ले के लोगों से कही। इस दौरान उन्होंने लोगों को मास्क व सेनेटाइजर का भी वितरण किया।
सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा के साथ पालिकाध्यक्ष गिरीश कुमार गुप्ता, नगर अध्यक्ष अभय प्रताप राजावत, संजू खत्री आदि ने नगर के चौधरयाना, जोशियाना, गणेशजी, मुरलीमनोहर, फर्दनवीस आदि मोहल्लों में जनसंपर्क किया जहां उन्होंने घरों में मौजूद में बुजुर्गों व बच्चों को घर पर ही रहने की अपील की। साथ ही कहा कि कोरोना के खिलाफ जंग लगातार जारी है। कोरोना को हम सभी को मिलकर हराना होगा। सरकार ने जो नियम बनाए हैं उनका अनिवार्य रूप से पालन कराना होगा। जिले में कई स्थानों पर कोरोना के मरीज मिले हैं जिनकी संख्या लगातार बढ़ रही है लेकिन नियमों का पालन करने के लिए नगर के लोगों की तारीफ करनी होगी जिससे अभी तक नगर संक्रमण से बचा हुआ है। यदि नगर को एेसा ही बनाए रखना है तो आगे भी नियमों में ढिलाई न बरतें बल्कि सोशल डिस्टेंसिंग और मास्क पहनने के नियम का अक्षरश: पालन करें। नियमों का पालन करके ही कोरोना को मात दी जा सकती है। कहा कि लोगों की परेशानियों को देखते हुए सरकार भी राहत पहुंचाने का कार्य कर रही है। अतिरिक्त चावल व चने के नि:शुल्क वितरण के साथ बाहर से आए प्रवासियों को मनरेगा के अंतर्गत रोजगार दिया जा रहा है। इसके अलावा क्वारंटीन में रहने वाले लोगों के परिवारों को राहत देने के उद्देश्य से राहत सामग्री का भी वितरण किया जा रहा है। बस नगर के लोगों के सहयोग की अपेक्षा है। यदि कोई दिक्कत होती है तो उन्हें सूचित करें उनकी समस्याओं को दूर किया जाएगा। इस मौके पर संजू राजावत, दिनेश लोहिया, धर्मेंद्र सेंगर, अन्नू शर्मा आदि मौजूद रहे।

Leave a comment