
उरई। लद्दाख की गलवां घाटी में चीन की घुसपैठ व भारतीय सैनिकों पर कायराना हमले से देशभर में लोगों का गुस्सा फूट रहा है। आस्था समाजसेवी संस्था के बैनर तले चीन के नापाक रवैए के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए लोगों ने भारत सरकार से चीन की इस हरकत के लिए करारा जवाब देने की मांग की है।
सोमवार देर रात्रि गलवां घाटी में भारतीय व चीनी सैनिकों के बीच हुई झड़प के मामले से देश भर में चीन के खिलाफ लोगों का गुस्सा फूट रहा है। संस्था के अध्यक्ष विशाल वर्मा ने भारत के बीस वीर जवानों की शहादत पर दो मिनट का मौन रखकर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। अध्यक्ष ने कहा कि लद्दाख में चीनी सेना के साथ संघर्ष में हमारे वीर जवानों की शहादत की खबर बेहद कष्टदाई है। हमारे जवानों ने अपने अदम्य साहस एवं पराक्रम का परिचय देकर चीन के सैनिकों का जमकर मुकाबला किया। देश की सेवा में शहीदों का यह बलिदान कभी भी भुलाया नहीं जा सकेगा।
शहर के मुख्य चौराहे पर लगाई बायकाट चाइना की होर्डिंग
चीन ने भारत के साथ विश्वासघात करते हुए सीमा पर भारतीय सैनिकों को शहीद किया है। भारत को चाहिए कि इसका कड़ा बदला ले। चीन को उसी की भाषा में जवाब देने की जरूरत है। इसके अलावा भारत सरकार से चीन के साथ आर्थिक व्यापार पर रोक लगाने की मांग की। उन्होंने कहा कि इस समय पूरा देश भारतीय सेना के साथ खड़ा है। आस्था समाजसेवी संस्था ने शहर के मुख्य चौराहों शहीद भगत सिंह, कोंच स्टैंड, डीवीसी, घंटाघर, जिला परिषद, स्टेशन रोड पर होर्डंग लगाकर लोगों को जागरूक करने एवं चीनी समान के इस्तेमाल पर रोक लगाने की बात कही है और जनपद वासियों से अपील की चीनी सामानों का बहिष्कार करें।







Leave a comment