एट। देर शाम घर से लापता हुए अधेड़ का शव रेलवे ट्रैक के किनारे कटा हुआ मिला। वहां से गुजर रहे किसानों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वहीं परिजनों को सूचना दी।
एट थाना क्षेत्र के ग्राम पिरौना निवासी अरुण कुमार अहिरवार उर्फ टीटू (40 वर्ष) पुत्र लखन अहिरवार देर शाम घर से गांव में घूमने के लिए कहकर निकला था। देर शाम तक जब वह घर वापस नहीं आया तो परिजनों ने उसे गांव में ढूंढा एवं आसपास के लोगों से जानकारी की लेकिन उसका कोई भी पता नहीं चल सका। सुबह खेतों में काम करने जा रहे किसानों ने बिरगुवां गांव के पास से निकले कानपुर झांसी रेलवे ट्रैक पर दो हिस्सों में कटा हुआ शव पड़ा देखा तो हडक़ंप मच गया। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं मृतक की शिनाख्त कराई गई तो पिरौना निवासी के रूप में हुई। परिजनों को सूचना दी गई। खबर लगते ही घर में मातम छा गया और परिजन घटना स्थल पर पहुंच गए। वहीं पिता ने जानकारी देते हुए बताया कि उसके छोटे पुत्र आनंद की लडक़ी की गोद भराई की रस्म थी और वह सभी कार्यक्रम निपटाने के बाद अपने अपने काम में व्यस्त हो गए थे। देर शाम अरुण अपनी पत्नी से गांव में घूमने के लिए कहकर चला गया था और रात तक नहीं लौटा था। अरुण शराब और जुए का भी आदी था और उसका मानसिक संतुलन भी ठीक नहीं रहता था। हो सकता है शराब सेवन करने के बाद रेलवे ट्रैक पर चला गया होगा। वहीं पिरौना चौकी प्रभारी शीलवंत सिंह का कहना है कि आत्महत्या की जांच बिंदुवार तरीके से की जा रही है। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद सही जानकारी हो पाएगी।

Leave a comment