कदौरा। नगर क्षेत्र में अलसुबह विवाहिता की संदिग्ध अवस्था में मौत हो गई। परिजनों द्वारा विवाहिता को सीएचसी लाकर बताया गया कि उसे करेंट लग गया जिसे चिकित्सक द्वारा मृत घोषित करते हुए करेंट की पुष्टि नहीं की गई। सूचना पर पुलिस द्वारा शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
ज्ञातव्य हो कि थाना कदौरा क्षेत्र के ग्राम परौसा में मंगलवार की सुबह विनीता (30 वर्ष) पत्नी सुनील की संदिग्ध अवस्था में मौत हो गई जिसे परिजनों द्वारा आनन फानन में सीएचसी ले जाया गया जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। महिला के पति सुनील द्वारा बताया गया कि घर में कोई नहीं था। बच्चों के मुताबिक उसकी पत्नी मोबाइल चार्जिंग में लगा रही थी तभी करेंट लगने से महिला की मौत हो गई। वहीं सीएचसी में चिकित्सक द्वारा करेंट से मौत की पुष्टि नहीं की गई। विवाहिता के परिजनों की सूचना की बात पर बताया गया कि उसके परिजन बिहार के हैं जो शीघ्र नहीं आ पाएंगे। विवाहिता की मौत से उसके बच्चों आनंद व प्राशी का रो रोकर बुरा हाल है। मामले में निरीक्षक जितेंद्र सिंह द्वारा बताया गया कि महिला की मौत हुई है। उक्त मामले में कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है।

Leave a comment