
कालपी। कोरोना और संचारी रोगों की रफ्तार को रोकने के उद्देश्य से प्रदेश सरकार की प्रदेश में संपूर्ण लाक डाउन लगाने की घोषणा का असर देखने को मिला। अपर पुलिस अधीक्षक, उपजिलाधिकारी व कोतवाली प्रभारी निरीक्षक तथा अधिशाषी अधिकारी सहित आला अधिकारी मुस्तैद दिखे।
शनिवार सुबह से ही पुलिस नगर की बस्ती में खुली दुकानें बंद कराने के लिए बराबर दौड़ लगाती रही और लोगों को अनावश्यक घूमने पर दंड भी दिया। नगर में संपूर्ण बंदी से लोगों को चाय गुटका के लिए भी भटकते देखा गया। अपर पुलिस अधीक्षक डा. अवधेश कुमार सिंह व उपजिलाधिकारी कालपी कौशल कुमार के निर्देशन में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक शिवगोपाल सिंह तथा क्राइम इंस्पेक्टर मनोज मिश्रा के नेतृत्व में कालपी नगर में लाक डाउन का सख्ती से पालन कराया गया। वहीं कुछ लापरवाह लोगों को पुलिस ने कानून का पालन करने की सीख भी दी जिसे देखने वालों ने घरों के अंदर दुबकने में ही भलाई समझी। उपनिरीक्षक सुनील कुमार सैनी, उपनिरीक्षक रविशंकर मिश्रा, टरननगंज चौकी प्रभारी एसआई कमल प्रताप सिंह, एसआई अशोक कुमार, एसआई हरीशंकर अवस्थी, एसआई गोकुल एसआई गजेंद्र सिंह, उपनिरीक्षक रामविनोद, उपनिरीक्षक सूर्यभान द्विवेदी अपनी अपनी टीम के साथ नगर में बड़ा बजार, हरीगंज, रामचबूतरा, सदर बाजार बजरिया, स्टेशन, मुन्ना फुलपावर चौराहे, दुर्गा मंदिर चौराहे आलमपुर नई बस्ती, जुलैहटी, आनंदी देवी क्षेत्र और मुख्य बाजार टरननगंज आदि स्थानों पर बराबर भ्रमण करते रहे और जहां भी लोगों को एकत्र देखा अपनी ड्यूटी निभाई। वहीं बगैर मास्क लगाए लोगों के चालान काटे। कुल मिलाकर नगर के बाजार सार्वजनिक स्थानों गलियों में सन्नाटा पसरा हुआ दिखा।
–
बेवजह निकले लोगों को पुलिस ने फटकार लगाकर लौटाया
जालौन। शुक्रवार रात दस बजे से शुरू हुए संपूर्ण लाक डाउन के पहले दिन नगर का पूरा बाजार बंद रहा। पान, गुटका की गुमटी, चाय मिठाई के होटल समेत सभी व्यवसायिक प्रतिष्ठान पूर्ण रूप से बंद रहे। इस दौरान सिर्फ मेडिकल स्टोर खुले नजर आए। सब्जियों को मोहल्लों में बेचा गया। साथ ही दूध की भी आपूर्ति हुई। बाजार में बेवजह घूमने के लिए निकले लोगों को पुलिस व प्रशासन ने फटकार लगाकर वापस घरों को लौटाया। इस दौरान एसडीएम सुनील कुमार शुक्ला, सीओ सुबोध गौतम, कोतवाल रमेश चंद्र मिश्र, एसएसआई आनंद कुमार, चौकी प्रभारी संजीव दीक्षित, तहसीलदार बलराम गुप्ता आदि नगर की सडक़ों पर भ्रमण कर लाक डाउन का पालन कराते नजर आए। कांजी हाउस चौराहा, बस स्टैंड मोड़, सब्जी मंडी एवं कोतवाली के सामने बैरिकेटिंग लगाकर लोगों को रोकने का प्रयास किया गया।






Leave a comment