कदौरा। नगर सीएचसी में तैनात एक स्वास्थ्य कर्मी के परिजनों की रिपोर्ट कोरोना पाजीटिव आने से अस्पताल सेनेटाइज कराकर दो दिन के लिए बंद कर दिया गया एवं केवल इमरजेंसी सेवाएं चालू रखने के अलावा संदिग्ध लोगों की जांच के निर्देश दिए गए।
ज्ञातव्य हो कि कदौरा नगर सीएचसी में तैनात एक एएनएम के परिजनों की रिपोर्ट कोरोना पाजीटिव आने से बुधवार को उसके घर वार्ड को पूर्ण रूप से सील किया गया था। वहीं अगले दिन सीएचसी को चिकित्साधीक्षक डा. अशोक चक के निर्देश पर बंद कर दिया गया। वार्ता में डा. चक द्वारा बताया गया कि कोरोना पाजीटिव की मां केंद्र में बतौर नर्स तैनात है जो कि बराबर सीएचसी में सेवाएं देकर ग्रामीण व स्टाफ के संपर्क में रही है जिनकी पूर्व में जांच निगेटिव थी लेकिन अब उनकी पुन: जांच कराई जाएगी एवं दो दिन बाद ही सीएचसी खोला जाएगा। वहीं गुरुवार और शुक्रवार दो दिन सीएचसी बंद रखकर केवल इमरजेंसी सेवाएं ही चालू रखने के निर्देश स्टाफ को दिए गए हैं।

Leave a comment