दिए सोशल डिस्टेंस का पालन करने के निर्देश
कालपी। नोडल अधिकारी धर्मेंद्र सिंह द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कालपी तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र महेवा का निरीक्षण किया गया। सर्वप्रथम नोडल अधिकारी द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कालपी का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान नोडल अधिकारी द्वारा डाक्टर एवं स्टाफ के बारे में जानकारी ली गई जिस पर संबंधित द्वारा बताया गया कि नौ डाक्टरों के स्थान पर चार डाक्टरों की तैनाती की गई है जिनमें एक डाक्टर अस्वस्थ्य के कारण मेडिकल अवकाश पर गए हैं। नोडल अधिकारी द्वारा अस्पताल के समस्त वार्डों का निरीक्षण किया गया और मरीजों के बारे में जानकारी की गई जिस पर बताया गया कि ओपीडी में एक सौ दो मरीज देखे जा चुके हैं। सोशल डिस्टेंसिंग न होने के कारण नोडल अधिकारी ने संबंधित को निर्देशित करते हुए कहा कि सोशल डिस्टेंसिंग का शत प्रतिशत पालन किया जाए। इसके उपरांत नोडल अधिकारी द्वारा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र महेवा का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान नोडल अधिकारी द्वारा डाक्टर एवं स्टाफ के बारे में जानकारी की गई जिस पर संबंधित द्वारा बताया गया कि चार महीने पहले डा. दुर्गेशपति त्रिपाठी की संविदा पर नियुक्ति की गई थी परंतु वह कभी आते नहीं हैं। इमरजेंसी की कोई भी सुविधा नहीं है। नोडल अधिकारी द्वारा संबंधित से मरीजों के बारे में जानकारी की गई जिस पर बताया गया कि पांच मरीज देखे जा चुके हैं। संबंधित द्वारा नोडल अधिकारी को यह भी बताया गया कि डाक्टर व स्टाफ के लिए बनाए गए आवासों में ग्रामीण द्वारा उसमें भूसा भर दिया गया है तथा अस्पताल की बाउंड्रीवाल को तोडक़र गेट भी ले गए। निरीक्षण के दौरान तहसीलदार शशिविंद द्विवेदी,लाइजिंग अफसर पंकज कुमार, प्रभारी चिकित्साधीक्षक डा. सुंदर सिंह सहित अस्पताल के समस्त डाक्टर एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a comment