उरई। रेंढर थाने के सुलखना में शनिवार की शाम खेत में पानी लगा रहा युवक संदिग्ध स्थितियों में गोली लगने से घायल हो गया था जिसे पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र माधौगढ में भर्ती कराया गया जहां से उसे परिजनों ने मेडिकल काॅलेज झांसी के रेफर करा लिया । पुलिस का कहना है कि फोरेंसिक टीम ने घटना के समय उसके पहने कपडों की जांच की जिनकों पुलिस ने अस्पताल में उसके शरीर से उतरवाकर अपने कब्जे में ले लिया था। परिजनों द्वारा दी गयी तहरीर में किसी को वारदात के लिये नामजद नहीं किया गया है। साथ ही उसने स्वयं भी गोली मारने वाले का नाम बता पाने में असमर्थता व्यक्त की । रेंढर के प्रभारी निरीक्षक बलिराज शाही का कहना है कि बाहर से उसको गोली लगने की बात किसी भी साक्ष्य से पुष्ट नहीं हो पा रही है। उन्होंने कहा कि युवक के अस्पताल से डिस्चार्ज होकर घर लौटने के बाद उससे गहन पूंछतांछ की जायेगी ताकि पुलिस की छानबीन निष्कर्ष पर पहुंच सके ।
      रेंढर थाने के सुलखना में बीती शाम ज्ञान सिंह उर्फ टीकाराम ( 30 वर्ष )पुत्र मानसिंह कुशवाहा को खेत में पानी लगाते समय गोली लगने की सूचना मिली थी लेकिन मौके पर पहुंचे पुलिस कर्मियों के सामने अपने प्रारम्भिक बयान में वह गोली किसने मारी और कैसे मारी इन प्रश्नों का उत्तर देने में लडखडा गया । इस बीच उसे प्रारम्भिक चिकित्सा के लिये माधौगढ सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में लाया गया जहां वह बिलकुल ही चुप हो गया । उन्होंने अस्पताल पहुंचकर उसे खून सने अपने कपउे उतारकर देने के लिये राजी कर लिया ताकि फोरेसिंक जांच हो सके। उसके शरीर में गोली लगने के स्थान को देखा गया जहां नजदीक से गोली मारे जाने के कारण होने वाली गहरी ब्लैकनिंग थी । फोरेसिंक टीम ने भी सरसरी जांच के बाद कहा कि इस मामले में बाहर से गोली लगने का कोई साक्ष्य नहीं है। लेकिन स्थिति की नजाकत के कारण पुलिस फिलहाल संयम से काम ले रही है। युवक की हालत ठीक होने के बाद प्रभारी निरीक्षक उससे कडाई से पूंछतांछ करेगें।

Leave a comment