उरई। कस्बा कोटरा में आसरा कालोनी में अकेले सो रहे एक वयोवृद्ध की बिस्तर सहित खाट जल जानें से मौत हो गयी । त्रासदी के समय घर में कोई और न होने व पडोसियों को भी खबर न मिल पाने की वजह से कोई उन्हें समय से बचाने के लिये नहीं पहुंच सका । सुबह 4 बजे किसी ने उनकी सुलगती खाट को देखा तो पुलिस को सूचना दी। प्रभारी निरीक्षक केपी सरोज ने बताया कि वे तुरन्त ही मौके पर पहुंच गये थे लेकिन तब तक वृद्ध का दुखांत हो चुका था ।
जानकारी के अनुसार मूल रूप से झांसी जिले के गरौठा थाना क्षेत्र के मोती कटरा के रहने वाले 72 वर्षीय भागीरथ सोनकर फिलहाल कोटरा आकर पत्नी के साथ आसरा काॅलोनी में रहने लगे थे । इसके अलावा घर का कोई और सदस्य उनके साथ नहीं रहता था । दो दिन पहले उनकी पत्नी रिश्तेदारी में उरई चली गयी थी जिससे वे घर में एकदम तन्हा रह रहे थे ।
केपी सरोज के मुताबिक आस पास रहने वाले लोगोे ने बताया कि वृद्ध को बहुत ज्यादा बीडी पीने की लत थी जबकि वे चलने फिरने में वार्धक्य के कारण असमर्थ हो गये थे। रात में सो जाने के बाबजूद जब भी उनकी नींद खुलती वे बीडी धौंकने लग जाते थे। इसी दौरान बीडी की चिंगारी उनके बिस्तर में पडकर शोला बन गयी और उसकी जद में वे भी आ गये और कोई बचाव उपलब्ध न होने से मौके पर ही आग की भेंट चढकर जान गवां बैठे । प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि उनकी मौत की सूचना पत्नी को भिजवा कर उन्हें बुलवा लिया था ।






Leave a comment