रामपुरा-उरई। सरकारी विद्यालयों के बच्चों को भी मनोरंजन टूर पर जाने का अवसर दिया जा रहा है। मौका ऐसा जिससे लुत्फ उठाने के साथ साथ बच्चे ज्ञानवर्धन भी कर सकें।
परिषदीय विद्यालयों में बच्चों के लिये अमीरजादों से अधिक रंगत भरने का उपक्रम हो रहा है। इसी कडी में उन्हें समय समय पर पर्यटन पर भेजने की योजना शुरू की गयी है जिसमें बच्चे केवल मजे के लिये टूर न करके अपनी जानकारियां बढाने का मौका भी हासिल कर सकें। इस टूर को एक्सपोजर विजिट का नाम दिया गया है और इसे राष्ट्रीय विज्ञान आविष्कार प्रतियोगिता से जोडा गया है। रामपुरा ब्लाक की टीहर बीआरसी से सोमवार को जूनियर कक्षाओं के एक छात्रदल को कानपुर का चिडियाघर देखने के लिये रवाना किया गया जिसे टीहर के ग्राम प्रधान प्रदीप गौरव ने हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया ।
खण्ड शिक्षा अधिकारी जीपी अवस्थी ने इस बारे में बताया कि ब्लाक के सभी उच्च प्राथमिक विद्यालयों के वे बच्चे जो राष्ट्रीय आविष्कार अभियान की परीक्षा में सम्मिलित हुये हैं उनको अपने अध्यापकों के साथ आज एक्सपोजर विजिट में कानपुर के राजकीय प्राणी उद्यान और जूलोजिकल गार्डन ले जाया गया है ताकि बच्चे वन्य प्राणियों के बारे में प्रत्यक्ष तौर पर जानकारियां हासिल कर सकें इससे उनकी जिज्ञासा और मेधा प्रखर होगी । इसका लाभ उन्हें वैज्ञानिक आविष्कार की दिशा में मौलिकता दिखा पाने के रूप में मिलेगा। काॅन्वेंट स्कूलों में जब बच्चों को टूर पर ले जाया जाता है तो उनके गार्जियन से बडी वसूली होती है जबकि परिषदीय विद्यालयों के बच्चों के टूर का पूरा खर्चा बेसिक शिक्षा विभाग उठायेगा।
बच्चों की रवानगी के मौके पर नितिन आनन्द पाल , महेन्द्र शिवहरे , अवधेश मिश्रा , अम्बरीश कुमार , नेहा, परवीन, संजीव कुमार, इन्द्रपाल सिंह आदि अध्यापकों के अलावा विजय मिश्रा , बांके विहारी सहित अनेक सम्मानित लोग मौजूद रहे।






Leave a comment