मटर खरीद के लिये किसानों के एफपीओ से मल्टीनेशनल का करार, कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही स्वयं बने इसके साक्षी


उरई। प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही की उपस्थिति में मटर की खरीद के लिये तमाम कम्पनियों ने जिनमें कृषि व्यापार से जुडी बहुराष्ट्रीय कम्पनियां भी शामिल है कृषि उत्पाद संगठन एफपीओ के साथ एमओयू पर हस्ताक्षरित किये । इसके लिये राजकीय मेडिकल काॅलेज के आडिटोरियम भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया ।
     इस अवसर पर अपने सम्बोधन में सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि इस कदम से किसानों को अपनी उपज का बाजिव मूल्य मिल सकेगा। उल्लेखनीय है कि आज आईटीसी कम्पनी , मेसर्स शान्ति शीतगृह , राजफ्रोजन , सोनू टेडर्स , भू क्रान्ति आदि ने एमओयू हस्ताक्षरित किये ।
    कृषि मंत्री ने कहा कि पहले बिचैलिये किसानों का हर तरह से शोषण करते थे जिस पर अब पूर्ण अंकुश हो सकेगा। कम्पनियों की खरीद से एफपीओ सदस्यों को 10 हजार रूपये का मुनाफा होगा। उन्होंने ध्यान दिलाया कि केन्द्र सरकार किसानों की आमदनी दुगनी करने की मंशा आये दिन जाहिर करती रहती है इसीलिये एफपीओ के माध्यम से इतनी बडी कम्पनियों से करार किया गया है। उन्होंने कहा कि किसानों को आगे बढाने के लिये कई योजनायें अमल में लाई जा रही है। एमओयू होने से किसान बिचैलियों द्वारा की जाने वाली घटतौली की समस्या से भी बच सकेगे और मटर की अपनी फसल को सही मूल्यों पर बेच सकेगें । जनपद में 2 एफपीओ क्रियाशील किये गये हैं जिनमें 600 से अधिक सदस्य है। इन किसानों को मटर उत्पादन में लगभग एक करोड रूपये का सीधा मुनाफा होगा।
      जिलाधिकारी चांदनी सिंह ने कहा कि यह जनपद प्रदेश में अकेला है जहां हरी मटर की फसल उगाई जाती है लेकिन अभी तक जनपद के किसानों का बिचैलिओं के शोषण का शिकार होना पड रहा था जिसका आज अन्त हो गया है। कांटों पर मटर की फसल की अधिक कटौती की जाती थी । इसके अलावा कई फर्मे किसानों का पैसा पीकर फरार हो गयी । एफपीओ के साथ कम्पनी का अनुबंध होने से इन सब कुप्रथाओं से उन्हें छुटकारा मिल गया है।
     इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष घनश्याम अनुरागी , सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा, माधौगढ विधायक मूलचन्द्र निरंजन , पूर्व विधायक कालपी नरेन्द्र पाल सिंह जादौन, मुख्य विकास अधिकारी  अभय कुमार श्रीवास्तव, जिला कृषि अधिकारी गौरव यादव , परियोजना अधिकारी शिवाकान्त द्विवेदी, डीडी नाबार्ड आदि मौजूद रहे । संचालन जिला उद्यान अधिकारी आशीष कटियार ने किया।

Leave a comment