मकान में लगी आग में 5 बकरियों की जान भेंट चढी

जालौन-उरई । छिरिया सलेमपुर में बीती रात अज्ञात कारणों से मकान में लगी आग से पांच बकरियों की जलकर मौत हुई। वहीं आग से पंक्चर की दुकान व घर गृहस्थी का सामान भी जलकर राख हुआ। प्रधान प्रतिनिधि ने पीड़ित परिवार को 5 हजार रुपये की आर्थिक मदद दी। 

कोतवाली क्षेत्र के ग्राम छिरिया सलेमपुर निवासी राजू पुत्र इकबाल सड़क किनारे पंक्चर की दुकान किए हुए है। वहीं, दुकान के पीछे वह मकान बनाकर रह रहा है। सोमवार की रात करीब 9 बजे परिवार के लोग खाना खा पीकर सो गए। रात करीब दो बजे धुंए से उसकी आंख खुल गई। जब वह जागा तो उसके घर में आग लगी थी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। परिवार के सदस्य जैसे तैसे बाहर निकल आए। लेकिन घर के अंदर सात बकरियां बंधी हुई थीं। जिनमें 5 बकरियों की जलकर मौत हो गई। वहीं दो बकरियां झुलसकर गंभीर रूप से घायल हैं। शोरगुल मचने पर ग्रामीणों ने दमकल को सूचना दी और आग बुझाने का प्रयास किया। लेकिन तब तक घर के अंदर रखा गृहस्थी का सामान 30 हजार नगद और अनाज समेत दुकान का सामान भी जलकर राख हो गया। ग्रामीण को अब परिवार का खर्च चलाने की चिंता सता रही है। वहीं, जब यह खबर प्रधान प्रतिनिधि आशू तिवारी को मिली तो वह राजू के घर पहुंचे और तत्काल उसे 5 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी और राजस्व विभाग को घटना के संबंध में सूचना दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे लेखपाल ने आग से हुए नुकसान का जायजा लिया और मुआवाजा दिलाने का प्रयास किए जाने का भी आश्वासन दिया।

Leave a comment